
97 प्रतिशत अंकों के साथ प्रिंस राव बने जिला टॉपर, विद्या मंदिर रामबाग का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत
बस्ती। सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामबाग, बस्ती ने एक बार फिर सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है। कक्षा 12वीं के घोषित परीक्षा परिणाम में विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिससे विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य गोविन्द सिंह ने बताया कि विद्यालय के छात्र प्रिंस राव ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में प्रथम स्थान हासिल किया। अथर्व शुक्ला ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय तथा आराध्या ने 93.80 प्रतिशत अंक हासिल कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा दुर्गेश कुमार, अंजनी पांडेय, प्रांजल पटेल, अंशिका वर्मा, शशांक मिश्रा एवं विशेष पटेल सहित कई विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में उत्साह और हर्ष का वातावरण देखने को मिला। विद्यालय की प्रबंध समिति के अध्यक्ष गोपाल गाडिया, प्रबंधक प्रो. सुरेन्द्र प्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष श्री प्रहलाद मोदी, प्रधानाचार्य गोविन्द सिंह एवं समस्त आचार्यों ने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों की सफलता का श्रेय उनके कठिन परिश्रम, अभिभावकों के सहयोग तथा शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन को दिया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह उत्कृष्ट परिणाम विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं अनुशासित शैक्षिक वातावरण का प्रमाण है।





