
बस्ती ने गोरखपुर को हराकर जीती 50वीं जूनियर बालक जोन-सी कबड्डी चैम्पियनशिप
डे-नाइट दो दिवसीय प्रतियोगिता में 16 टीमों ने लिया हिस्सा, ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला बड़ा मंच
बस्ती। पहल संस्था के अध्यक्ष मनीष मिश्रा के नेतृत्व एवं पहल से आयोजित 50वीं जूनियर बालक (जोन-सी) ओपन स्टेट कबड्डी चैम्पियनशिप का सोमवार को भव्य समापन हुआ। दो दिवसीय डे-नाइट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में बस्ती की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए गोरखपुर को पराजित कर खिताब अपने नाम किया और बस्ती का परचम लहराया।
बस्ती जिला कबड्डी संघ एवं पहल संस्था के अध्यक्ष मनीष मिश्रा द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में बस्ती और गोरखपुर की टीमों के बीच रोमांचक भिड़ंत देखने को मिली। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल दिखाया, लेकिन बस्ती के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, रणनीति और दमदार प्रदर्शन के दम पर जीत हासिल की।
प्रतियोगिता में गोरखपुर, महाराजगंज, देवरिया, कुशीनगर, बलिया, मऊ, आजमगढ़, अयोध्या, बस्ती, अंबेडकरनगर, गोंडा, लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी हॉस्टल और सिद्धार्थनगर की कुल 16 टीमों ने प्रतिभाग किया। दो दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। डे-नाइट आयोजन होने के कारण प्रतियोगिता को देखने के लिए खेल प्रेमियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
समापन समारोह में विजेता बस्ती टीम को जीडी मिश्र, सतीश चंद्र त्रिपाठी और संजय मिश्रा ने ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान आयोजकों और अतिथियों ने खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
जीडी मिश्र ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बड़े और बेहतर मंच उपलब्ध कराने की है। बस्ती के खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर यह साबित किया है कि अवसर मिलने पर गांव और छोटे शहरों के खिलाड़ी भी बड़े स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि बस्ती के खिलाड़ी पहली बार इस तरह की प्रतियोगिता में भाग ले रहे थे, इसके बावजूद उनका प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा।
उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही क्रिकेट टूर्नामेंट का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
आयोजन ने बस्ती की युवा खेल प्रतिभाओं को प्रदेश स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया। फाइनल में जीत के साथ बस्ती की टीम ने न केवल चैम्पियनशिप अपने नाम की, बल्कि जिले के खेल जगत में नई उम्मीद भी जगाई।





