
नगर में हाउस टैक्स वसूली स्थगित, विकास कार्यों को मिली रफ्तार
बस्ती, 18 अगस्त। नगर पंचायत नगर में व्यापक जनहित को देखते हुए फिलहाल हाउस टैक्स की वसूली स्थगित कर दी गई है। मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय स्थित अटल भवन के अमर बलिदानी राजा उदय प्रताप नारायण सिंह स्मृति सभागार में बोर्ड की बैठक अध्यक्ष नीलम सिंह राना की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।
अध्यक्ष के प्रस्ताव पर निर्णय लिया गया कि हाउस टैक्स सर्वे में सामने आई अनियमितताओं को पहले दूर किया जाएगा। इसके बाद शासन के निर्देशों के अनुसार नगर पंचायत क्षेत्र के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से न्यूनतम टैक्स वसूली का निर्धारण किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग की करीब आधा दर्जन सड़कों के पुनरुद्धार के लिए शासन और प्रशासन को पुनः पत्र भेजकर अनुरोध करने का निर्णय लिया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को ऑनलाइन आवेदन के लिए अब इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। नगर पंचायत कार्यालय में ही ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना-2 के तहत पात्र लोगों को लाभ दिलाने के लिए जांच टीमों के साथ समन्वय स्थापित कर कम से कम 2500 आवासों के आवेदन भेजने का लक्ष्य तय किया गया।
छुट्टा जानवरों की समस्या से निजात दिलाने के लिए एक माह के भीतर जानवर पकड़ने का संयंत्र खरीदने और पकड़े गए पशुओं को नगर पंचायत की गोशाला में रखने की व्यवस्था करने पर सहमति बनी। नगरीय वाटर सप्लाई टंकी को एक सप्ताह के भीतर हैंडओवर कराने पर भी जोर दिया गया। सभी सरकारी जमीनों को सुरक्षित करने के लिए अस्थायी चहारदीवारी बनाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में आस्था के प्रतीक महादेव मंदिर स्थल तथा अमर बलिदानी राजा उदय प्रताप नारायण सिंह के ऐतिहासिक राजकोट स्थल के विकास कार्य एक माह में पूर्ण कराने का निर्णय लिया गया। नगर जूनियर हाईस्कूल में निर्माणाधीन अंतरिक्ष विज्ञान प्रयोगशाला भवन को इसी माह विद्यार्थियों को समर्पित करने की तैयारी है। सभी 15 वार्डों में छोटे-छोटे विकास कार्य राज्य वित्त आयोग की निधि से कराने तथा बिहौती कुओं और स्थानीय पूजा स्थलों के विकास का भी निर्णय लिया गया।
पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को भाजपा का राष्ट्रीय महासचिव बनाए जाने पर बोर्ड ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे नगर के लिए गर्व का क्षण बताया और राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताया।
अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने कहा कि नगर को देश के नक्शे पर विशेष स्थान दिलाने का प्रयास जारी रहेगा। स्वस्थ, स्वच्छ, सुंदर और समृद्ध नगर बनाना प्राथमिकता है। अधिशासी अधिकारी श्रृष्टि सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप भेदभाव रहित विकास में कोई कमी नहीं रखी जाएगी।
नवनिर्मित नगर पंचायत भवन के अत्याधुनिक सभागार में हुई पहली बैठक में सभासद सोनी सोनकर, रंजना कुमारी, राजेश पाण्डेय, दिनेश चौरसिया, राम सजन यादव, राजकुमार चौधरी, वीरेन्द्र कुमार, सत्यराम निषाद, अखिलेश यादव, विजय साहनी, संदीप कुमार, भानु प्रताप रावत, प्रदीप निषाद और राम चन्द्र सोनकर ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं सदन के समक्ष रखीं।





