
प्रशिक्षु अधिकारियों का बस्ती में भव्य स्वागत, अयोध्या के लिए हुए रवाना
बस्ती, 10 जून। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार आयोजित 88वें आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश भ्रमण पर निकले प्रशिक्षु अधिकारियों के ‘ग्रुप-बी’ दल का बुधवार को बस्ती जनपद आगमन पर जिला प्रशासन द्वारा भव्य स्वागत किया गया। लखनऊ, कुशीनगर एवं गोरखपुर का भ्रमण करने के बाद यह दल अयोध्या के लिए रवाना हुआ।
जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्सना ने प्रशिक्षु अधिकारियों के लिए शुभकामना संदेश भेजते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर प्रशासनिक एवं सामाजिक व्यवस्थाओं की समझ ही एक कुशल लोकसेवक की पहचान होती है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को मेहनत, लगन और ईमानदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) कीर्ति प्रकाश भारती ने जनपद सीमा पर पहुंचकर प्रशिक्षु अधिकारियों की अगवानी की तथा उनके लिए जलपान एवं अल्पाहार की व्यवस्था कराई। इस दौरान उन्होंने अपने प्रशासनिक अनुभव साझा करते हुए अधिकारियों को जनसेवा के प्रति संवेदनशील एवं समर्पित रहने का संदेश दिया।
ग्रुप लीडर विपिन कुमार द्विवेदी एवं मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में 19 सदस्यीय प्रशिक्षु अधिकारियों का यह दल बस्ती होते हुए अयोध्या धाम के अध्ययन एवं दर्शन के लिए रवाना हुआ। प्रशिक्षु अधिकारियों ने जिला प्रशासन द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत, आतिथ्य एवं बेहतर प्रबंधन की सराहना करते हुए जिलाधिकारी और सीआरओ के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रशिक्षुओं ने कहा कि बस्ती प्रशासन का सहयोग और अपनत्व उनके प्रशिक्षण भ्रमण की यादगार उपलब्धियों में शामिल रहेगा। कार्यक्रम के बाद दल पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपने अगले गंतव्य अयोध्या के लिए रवाना हो गया।





