
आरसीसी पब्लिक स्कूल में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस
बस्ती।आज दिनांक 26 जनवरी 2026 को आरसीसी पब्लिक स्कूल में 77वाँ गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक शैलेश चौधरी द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि गणतंत्र देश की आत्मा है और इसके मूल्यों को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
इसके उपरांत दीप प्रज्वलन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। विशेष रूप से नन्हे बच्चों की प्रस्तुतियाँ अत्यंत आकर्षक रहीं। कार्यक्रमों में गणेश वंदना, वंदे मातरम्, जज्बा, शिव तांडव, जिस देश में, तूफान आदि देशभक्ति एवं सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किए गए।
इन प्रस्तुतियों में शालु, समीक्षा, आकांक्षा, आराध्य, आद्य मानी, सावनी, अंश वर्मा, प्रांजल, अभिषेक, अभिराज, आरुषि, अंशी, व्योम, रुबा मंजर, दिव्यांश, आराध्य पटेल, अग्रिमा, अंशिका सहित अनेक विद्यार्थियों ने सहभागिता कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बीच-बीच में विद्यार्थियों द्वारा प्रभावशाली भाषण भी प्रस्तुत किए गए, जिससे कार्यक्रम और भी प्रेरणादायक बन गया।
कार्यक्रम के दौरान पुनः प्रबंधक शैलेश चौधरी ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम की सफलता में उप प्रधानाचार्य विजय प्रकाश चौधरी सहित शिक्षिकाएँ शकीना बानो, प्रियंका चौधरी, रश्मि सिंह, राज शुक्ला, सरिता, के.डी. यादव एवं अन्य शिक्षकों का विशेष योगदान रहा।
अंत में मिष्ठान वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।





