आस्था व श्रद्धा के साथ मनाया गया श्रीराम-जन्मोत्सव व माँ दुर्गे का पावन पूजनोत्सव

बस्ती । 27 मार्च, दिन शुक्रवार को लिटिल फ्लावर्स स्कूल, मधुपुरम् वाल्टरगंज बस्ती में चैत्र राम नवमी के पावन पर्व पर श्रद्धा-भक्ति व हर्षोल्लास के साथ माँ दुर्गे की पावन स्तुति व श्री राम जन्मोत्सव का कार्यक्रम भव्य व दिव्य रूप से मनाया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा भजन-संगीत के अनेक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। प्रबंधक व माननीय निदेशिका महोदय की गरिमामयी उपस्थिति बनी रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह एवं  निदेशिका अपर्णा सिंह के द्वारा जगतजननी माँ दुर्गा व मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम का विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन, स्तुति तथा आरती से हुआ।

कार्यक्रम की प्रस्तुति सर्वप्रथम शिक्षक-शिक्षिकाओं के द्वारा समवेत स्वर में ‘श्री राम चंद्र कृपालु भजमन’ से हुई, जिससे संपूर्ण परिसर भक्ति व संगीत से ओत-प्रोत हो गया। तत्पश्चात ‘तेरा ऊँचा है भवन’ की मनमोहक प्रस्तुति ने अद्भुत समाँ बांध दिया। पूरा परिसर आस्था व श्रद्धा के सागर में गोता लगाता रहा।

चैत्र रामनवमी के महात्म्य पर प्रकाश डालते हुए  प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने अपने संक्षिप्त व सारगर्भित संबोधन में माँ दुर्गा के नौ रूपों में नारी के सम्पूर्ण व्यक्तित्व की झाँकी प्रस्तुत की। प्रेम, दया, ममता, करुणा, धैर्य, साहस, शक्ति, पराक्रम व त्याग को नारी के सम्पूर्ण व्यक्तित्व की पराकाष्ठा बताया। निदेशिका अपर्णा सिंह ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के पावन चरित्र की व्याख्या करते हुए कहा कि आज के विश्व-पटल पर श्रीराम की प्रासंगिकता अत्यधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब विश्व युद्ध, अशांति व भय के वातावरण से गुजर रहा है, तब मर्यादा, न्याय, सत्य, सौम्यता व गंभीरता की आवश्यकता और अधिक बढ़ जाती है। विश्वबंधुत्व, प्रकृति व प्राणी-प्रेम ही समस्त समस्याओं का समाधान है।

कार्यक्रम के उद्देश्य की सार्थकता पर अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्या वंदना सिंह ने कहा कि माँ दुर्गा व भगवान श्रीराम का आशीर्वाद विद्यालय परिवार पर बना रहे। आगामी सत्र में सभी मर्यादा, संस्कार, त्याग व समर्पण के भाव से कार्य करते हुए विद्यालय की उन्नति का मार्ग प्रशस्त करें—यही कामना है।

Related Articles

Back to top button