
पुरानी बस्ती पुलिस ने छात्राओं को किया जागरूक, मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत चला अभियान
बस्ती, 04 नवम्बर 2025।मिशन शक्ति फेज-5.0, नये कानूनों एवं साइबर अपराध जागरूकता अभियान के अंतर्गत थाना पुरानी बस्ती पुलिस ने सरस्वती विद्या मंदिर, सुरतेहट्टा बस्ती में छात्राओं को जागरूक किया।
थानाध्यक्ष पुरानी बस्ती महेश सिंह अपनी टीम के साथ विद्यालय पहुँचे, जहाँ महिला आरक्षी रूपम सिंह एवं पूर्णिमा सिंह ने छात्राओं से संवाद स्थापित करते हुए महिला सुरक्षा, आत्मनिर्भरता एवं सशक्तिकरण से संबंधित विषयों पर जानकारी दी।
कार्यक्रम में थानाध्यक्ष ने छात्राओं को बताया कि महिलाएँ किसी भी आपात स्थिति में शासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों —
वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का उपयोग कर त्वरित सहायता प्राप्त कर सकती हैं। साथ ही थाना पुरानी बस्ती का सीयूजी नंबर 9454403121 भी साझा किया गया।
उन्होंने छात्राओं को भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 के बारे में जानकारी दी तथा ZERO FIR की अवधारणा और उसके महत्व पर भी प्रकाश डाला।
पुलिस टीम ने उपस्थित छात्राओं और शिक्षकों को साइबर अपराधों के प्रकार, उनके नये-नये तरीकों, हेल्पलाइन नंबर एवं एनसीआरपी पोर्टल की जानकारी देते हुए सतर्क रहने की सलाह दी।
थानाध्यक्ष महेश सिंह ने कहा कि “बस्ती पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। हर परिस्थिति में पुलिस आपकी मदद के लिए तत्पर है।”
अंत में छात्राओं को मिशन शक्ति संबंधी पम्पलेट वितरित किए गए और उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों की रक्षा करने का संकल्प दिलाया गया।





