
2100 महिलाओं के सामूहिक सोहर गायन से गूंजेगा बस्ती, 24 मई को होगा पूर्वाभ्यास
बस्ती। जिले में आस्था, संस्कृति और मातृशक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलने जा रहा है। आगामी 25 मई को आयोजित होने वाले भव्य ‘राम जी का सोहर’ कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कार्यक्रम से पहले 24 मई को सामूहिक पूर्वाभ्यास कराया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल होंगी। आयोजन को लेकर जिलेभर में उत्साह का माहौल है।
इस भव्य आयोजन का नेतृत्व ‘पहल’ संस्था के संस्थापक मनीष मिश्रा कर रहे हैं। कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं को जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को समूह की महिलाओं के बीच साड़ी वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान महिलाओं ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प लिया।
आयोजकों के अनुसार, 25 मई को आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में 2100 से अधिक माताएं और बहनें एक साथ भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव से जुड़े पारंपरिक ‘सोहर’ गीत गाएंगी। भारतीय लोक परंपरा में सोहर का विशेष महत्व माना जाता है और इतने बड़े स्तर पर सामूहिक सोहर गायन अपने आप में एक ऐतिहासिक पहल मानी जा रही है।
मनीष मिश्रा ने बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, लोक परंपरा और नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बस्ती की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही यह आयोजन एक नए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।
कार्यक्रम स्थल पर भव्य सजावट, सांस्कृतिक मंच और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन समिति के सदस्य लगातार गांव-गांव और मोहल्लों में पहुंचकर महिलाओं को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

आयोजकों ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनें और बस्ती की सांस्कृतिक विरासत को नई ऊंचाई देने में सहभागी बनें। कार्यक्रम को लेकर महिलाओं और युवाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है तथा पूरा शहर राममय वातावरण में रंगता नजर आ रहा है।
कार्यक्रम के समापन पर महिलाओं को साड़ी वितरण किया गया तथा आमंत्रण कार्ड भी वितरित किए गए।





