सड़क हादसे में एक-एक मिनट कीमती, गोल्डन ऑवर में मिले उपचार

आईएमए प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त से की मुलाकात, हाईवे पर अस्पतालों की जानकारी वाले बोर्ड लगाने का दिया सुझाव

बस्ती। सड़क हादसों में घायलों की जान बचाने और दुर्घटनाओं के बाद समय पर उपचार उपलब्ध कराने को लेकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) बस्ती के प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के साथ ही हादसे के बाद त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
आईएमए पदाधिकारियों ने कहा कि दुर्घटना के बाद शुरुआती समय यानी ‘गोल्डन ऑवर’ बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान घायल को प्राथमिक उपचार मिलने और समय से अस्पताल पहुंचने पर उसकी जान बचाने में मदद मिल सकती है। इसके लिए हाईवे पर प्रभावी ट्रॉमा केयर व्यवस्था और आपात चिकित्सा सेवाओं को मजबूत किए जाने की जरूरत बताई गई।
आईएमए अध्यक्ष ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर प्रमुख स्थानों पर आसपास के अस्पतालों की जानकारी देने वाले सूचना बोर्ड लगाने का सुझाव दिया। बोर्ड पर अस्पताल का नाम, उसकी दूरी और दिशा अंकित करने की बात कही गई। इससे हादसे के समय वाहन चालकों और राहगीरों को नजदीकी अस्पताल तक पहुंचने में सहूलियत होगी।
प्रतिनिधिमंडल ने सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करने, दुर्घटना के बाद तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी चर्चा की। हाईवे पर ट्रॉमा केयर सुविधाओं को मजबूत करने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में आईएमए अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार, डॉ. नवीन श्रीवास्तव, डॉ. अश्विन सिंह, सचिव डॉ. नवीन चौधरी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बस्ती और एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button