
सामूहिक दुष्कर्म मामले में 12 घंटे के भीतर 4 आरोपी गिरफ्तार
बस्ती जनपद के मुण्डेरवा थाना क्षेत्र में दर्ज सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता हासिल हुई।
अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप सिंह यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अमरनाथ यादव व उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर इचड़वा पुल कुरिया के पास दबिश देकर चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 3 अप्रैल 2026 को एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था और गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने की फिराक में थे। गिरफ्तार अभियुक्तों में सुग्रीव, सचिन, पवन और शिव पूजन शामिल हैं। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने एक टैबलेट भी बरामद किया है। पुलिस टीम की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।





