
सिविल लाइन बस्ती में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन, चतुर्थ दिवस पर वामन अवतार की कथा से भाव-विभोर हुए श्रद्धालु
इंजीनियर अरविंद पाल ने श्रीमद्भागवत महापुराण कथा शामिल होकर विद्याधर भारद्वाज महाराज जी का लिया आशीर्वाद
बस्ती। शहर के सिविल लाइन क्षेत्र में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं नगर पंचायत बनकटी के अध्यक्ष प्रतिनिधि विनोद प्रकाश शुक्ल के आवास पर आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा में रविवार को चतुर्थ दिवस पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा स्थल पर पहुंचकर धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं।
कथा व्यास पूज्य श्री विद्याधर भारद्वाज महाराज जी ने भगवान वामन अवतार की कथा का विस्तार करते हुए बताया कि यह अवतार केवल दैत्यराज बलि के अहंकार को समाप्त करने के लिए ही नहीं, बल्कि भक्त और भगवान के बीच अटूट विश्वास का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि वामन भगवान ने अपने छोटे से स्वरूप में विराट सृष्टि को समाहित कर यह संदेश दिया कि ईश्वर की शक्ति असीम और अनंत है। साथ ही यह भी बताया कि दान, विनम्रता और धर्म पालन से ही जीवन में सच्ची उन्नति संभव है। महाराज जी ने उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि जो व्यक्ति अहंकार त्यागकर प्रभु भक्ति में लीन होता है, उसे जीवन में शांति और सफलता दोनों प्राप्त होती हैं।
इस अवसर पर उपस्थित अरविंद पाल ने महाराज जी से आशीर्वाद प्राप्त किया और कहा कि भागवत कथा जैसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा लोगों को सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक कार्यक्रम समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं।
कथा स्थल को भव्य रूप से सजाया गया है, जहां भक्ति संगीत और भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। श्रद्धालु पूरे मनोयोग से कथा का श्रवण कर रहे हैं और भक्ति रस में डूबे नजर आ रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया तथा प्रभु श्रीकृष्ण एवं भगवान वामन से सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई। कथा का आयोजन आगामी दिनों में भी जारी रहेगा।
जय श्री कृष्ण! जय वामन भगवान!





