
143 बच्चों ने गायन प्रतियोगिता में लिया हिस्सा, नन्हे कलाकारों ने बांधा समां
लिटिल फ्लावर्स स्कूल मधुपुरम् में आयोजित हुई प्रतियोगिता, विभिन्न कक्षाओं के विजेताओं को मिला स्थान
बस्ती। वाल्टरगंज क्षेत्र के मधुपुरम् गोपालपुर स्थित लिटिल फ्लावर्स स्कूल में गुरुवार को गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें नर्सरी से कक्षा दो तक के 143 बच्चों ने प्रतिभाग किया। बच्चों ने पुराने और नए फिल्मी गीतों की प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नन्हे बच्चों की मधुर आवाज और आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने मां सरस्वती और विद्यालय की संस्थापिका स्वर्गीय मधुरानी सिंह के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में निदेशक राहुल सिंह और निदेशिका अपर्णा सिंह मौजूद रहीं।
प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों की छिपी प्रतिभा को सामने लाने और उसे निखारने का अवसर मिलता है। निदेशिका अपर्णा सिंह ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष क्षमता होती है। विद्यालय का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा पहचानकर उनका सर्वांगीण विकास करना है।
प्रतियोगिता में नर्सरी-ए से अदिति और नर्सरी-बी से आराध्या वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एलकेजी-ए में हर्षाली, एलकेजी-बी में सूर्यांश, यूकेजी-ए में जयांशु और यूकेजी-बी में ओजस्वी प्रथम रहे। कक्षा एक-ए में आर्या, एक-बी में मान्या, दो-ए में अनिकेत और दो-बी में प्रकृति ने प्रथम स्थान हासिल किया। सभी वर्गों में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को भी सम्मानित किया गया।
प्रधानाचार्या वंदना सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों की स्मरण शक्ति, अभिव्यक्ति क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग की सराहना की।





