
लिटिल फ्लावर्स स्कूल में महिषासुर मर्दन की लीला का मंचन, नवदुर्गा के रूपों ने मोहा मन
बस्ती। लिटिल फ्लावर्स स्कूल में नवरात्र के अवसर पर मां दुर्गा की आराधना और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिक्षिकाओं ने महिषासुर मर्दन की लीला का जीवंत मंचन कर विद्यार्थियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, नन्हीं छात्राओं ने नवदुर्गा के नौ स्वरूपों की झांकी प्रस्तुत कर नारी शक्ति का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह, निदेशक राहुल सिंह और प्रधानाचार्या अपर्णा सिंह ने मां दुर्गा की आरती और पूजन-अर्चन के साथ किया। प्री-प्राइमरी की शिक्षिका मुस्कान पाण्डेय ने मां दुर्गा, शशि अग्रहरि ने महिषासुर और छात्र अमय ने शेर की भूमिका निभाई। मंचन के दौरान बच्चों ने बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश जाना।
कक्षा सात और आठ की छात्राओं काव्या एवं उम्मे हानी ने ‘प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी’ और ‘अम्बे तू है जगदम्बे काली’ जैसे भक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल भक्तिमय बना दिया। यूकेजी की छात्राओं ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की झांकी प्रस्तुत की। सृष्टि सिंह, यशी सिंह, श्रेया सिंह, आयुषी सिंह, अग्रिता सिंह, समृद्धि चौधरी, जीवा अग्रहरि और वामिका ने देवी के विभिन्न स्वरूपों में आकर्षक प्रस्तुति दी।
महिलाओं का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी
प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि नारी शक्ति समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से महिलाओं का सम्मान करने और उनके योगदान को समझने की अपील की।
प्रधानाचार्या अपर्णा सिंह ने कहा कि मां का स्थान जीवन में सर्वोच्च है। उन्होंने विद्यार्थियों को माताओं के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और संवेदनशीलता का भाव रखने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिकाओं अनिता, सुमन, कुसुम, मुस्कान गुप्ता, मधु सिंह, मुस्कान पाण्डेय, श्रद्धा सिंह, शिवाली, सरिता और अलका का योगदान रहा। इस मौके पर निष्ठा पाण्डेय, राजमणि वर्मा, तन्मय पाण्डेय और रुचि सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





