
महिला मोर्चा की महामंत्री मनोनीत होने पर सुषमा चौधरी ने शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार, कहा- बस्ती सदर का विकास ही प्राथमिकता
पार्टी ने अवसर दिया और जनता का आशीर्वाद मिला तो बस्ती सदर विधानसभा को मॉडल विधानसभा बनाने का संकल्प
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की महामंत्री मनोनीत होने पर सुषमा चौधरी पत्नी मोदू चौधरी ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगी। संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ जनसेवा और संगठन के प्रति जिम्मेदारी भी है।
सुषमा चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में महिलाओं को आगे बढ़ने, नेतृत्व करने और समाज के बीच अपनी भूमिका मजबूत करने के लिए लगातार अवसर मिल रहे हैं। महिला मोर्चा के माध्यम से महिलाओं को संगठन से जोड़ना, उनकी समस्याओं को समझना, महिला सशक्तिकरण के प्रयासों को आगे बढ़ाना और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
उन्होंने कहा कि बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र में उनकी सक्रियता लगातार बनी हुई है। क्षेत्र के लोगों से संपर्क, संवाद और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से वह जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझने का प्रयास कर रही हैं। उन्हें क्षेत्र के विभिन्न वर्गों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों का समर्थन एवं स्नेह मिल रहा है, जो उनके लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा है।
विधानसभा बस्ती सदर से भावी प्रत्याशी के रूप में अपनी दावेदारी को लेकर सुषमा चौधरी ने कहा कि क्षेत्र का विकास ही उनका प्रमुख उद्देश्य है। यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें विधानसभा चुनाव में अवसर प्रदान करता है और जनता का आशीर्वाद मिलता है, तो वह बस्ती सदर को एक मॉडल विधानसभा बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगी।
उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य केवल राजनीतिक जिम्मेदारी निभाना नहीं, बल्कि क्षेत्र में विकास, जनसुविधाओं का विस्तार, महिलाओं की भागीदारी और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करना है। संगठन की जिम्मेदारी के साथ जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए वह बस्ती सदर के विकास के लिए निरंतर सक्रिय रहेंगी।





