
570 विद्यार्थियों ने दी सुमधुर टेस्ट सीरीज-5 की परीक्षा
बोर्ड के साथ नीट-जेईई की तैयारी पर विद्यालय का जोर
बस्ती। लिटिल फ्लावर्स स्कूल की कटरा और मधुपुरम शाखा में सुमधुर टेस्ट सीरीज-5 का आयोजन किया गया। इसमें दोनों शाखाओं के 570 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के साथ नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के उद्देश्य से यह टेस्ट सीरीज संचालित की जा रही है।
परीक्षा में नीट और जेईई की तैयारी के लिए अध्यायवार 150-150 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने निर्धारित पाठ्यक्रम के आधार पर परीक्षा देकर अपनी तैयारी का मूल्यांकन किया। परीक्षा की उत्तर कुंजी व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से साझा की जाएगी। वहीं, विद्यार्थियों के प्राप्तांक और रैंक मंगलवार को विद्यालय के नोटिस बोर्ड पर जारी किए जाएंगे।
विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों की नियमित तैयारी और मूल्यांकन के लिए प्रत्येक माह 15-15 दिन के अंतराल पर दो टेस्ट कराए जा रहे हैं। जुलाई से शुरू हुआ यह क्रम लगातार जारी है और आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा की पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयार करना है। नियमित टेस्ट के माध्यम से विद्यार्थियों को परीक्षा पैटर्न, समय प्रबंधन और अपनी तैयारी का आकलन करने का अवसर मिल रहा है।
विद्यालय प्रबंधन ने परीक्षा में शामिल सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।





