
बच्चों की सफलता के पीछे खड़े अभिभावकों का डॉन वास्को ने किया सम्मान
बस्ती। शिक्षक दिवस के अवसर पर डॉन वास्को स्कूल में शिक्षकों और छात्रों के साथ-साथ उन अभिभावकों को सम्मानित करने की अनूठी पहल की गई, जो अपने बच्चों की शिक्षा और सफलता के लिए प्रतिदिन पर्दे के पीछे रहकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय प्रबंधन ने करीब 250 अभिभावकों को सम्मानित कर उनके समर्पण और योगदान के प्रति आभार जताया।
विद्यालय के प्रबंधक राजेश मिश्रा ने कहा कि शिक्षकों और छात्रों के सम्मान के कार्यक्रम तो लगातार आयोजित होते रहते हैं, लेकिन बच्चों की सफलता में अभिभावकों के योगदान को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि अभिभावक सुबह भोर में करीब पांच बजे उठकर बच्चों को तैयार करते हैं, उन्हें नहलाते-धुलाते हैं, उनके लिए लंच तैयार करते हैं और समय से स्कूल पहुंचाने के साथ ही छुट्टी के बाद उन्हें वापस घर भी लेकर आते हैं। बच्चों की दिनचर्या से लेकर उनकी पढ़ाई और अनुशासन तक अभिभावक निरंतर मेहनत करते हैं।
उन्होंने कहा कि इन्हीं अभिभावकों की मेहनत और समर्पण को सम्मान देने के उद्देश्य से इस वर्ष विशेष रूप से उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम में लगभग 250 छात्र-छात्राओं के अभिभावकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान पुरस्कार वितरण भी किया गया।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में एलसीडी टीवी, द्वितीय पुरस्कार के रूप में आयरन प्रेस तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में इलेक्ट्रिक केतली प्रदान की गई। इसके अलावा कार्यक्रम में शामिल सभी अभिभावकों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
प्रबंधक राजेश मिश्रा ने कहा कि यह सम्मान केवल पुरस्कार देना नहीं, बल्कि अभिभावकों के प्रति विद्यालय की कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि बच्चे की शिक्षा केवल विद्यालय की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि परिवार और स्कूल दोनों के सामूहिक प्रयास से ही बच्चे का सर्वांगीण विकास संभव है।
उन्होंने बताया कि अभिभावकों के योगदान को सम्मान देने वाली यह पहल अब विद्यालय की नियमित परंपरा बनेगी। डॉन वास्को स्कूल प्रत्येक वर्ष इसी प्रकार अभिभावकों के सम्मान का आयोजन करेगा, ताकि बच्चों के भविष्य निर्माण में उनकी भूमिका को उचित सम्मान और पहचान मिल सके।





