कृष्णा नगर में भव्य मैरिज हाल निर्माण का शुभारंभ भूमि पूजन के साथ विकास को मिली नई सौगात, लंबे समय से चली आ रही क्षेत्रवासियों की मांग हुई पूरी

बनकटी। नगर पंचायत बनकटी के वार्ड नंबर-3 कृष्णा नगर, देईसाड़ में क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई। यहां भव्य मैरिज हाल के निर्माण कार्य का विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर शुभारंभ किया गया। मुख्य यजमान राजा राम चौधरी रहे। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ भाजपा नेता इं. अरविंद पाल के संयोजन में भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ।
भूमि पूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल रहा। लोगों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता इं. अरविंद पाल ने कहा कि मैरिज हाल का निर्माण क्षेत्र की महत्वपूर्ण आवश्यकता को पूरा करेगा। शादी-विवाह के साथ ही विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों के लिए लोगों को बेहतर और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्रवासियों को सुविधा देने के साथ-साथ कृष्णा नगर के सौंदर्यीकरण और विकास को भी नई गति प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं को बेहतर बनाना प्राथमिकता है। मैरिज हाल का निर्माण पूरा होने के बाद आसपास के लोगों को आयोजनों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
कार्यक्रम में मनोनीत सभासद विवेकानंद शुक्ल, सभासद वीरेंद्र गुप्ता, सभासद संजू चौधरी, परमात्मा यादव, राजेंद्र यादव, लालचंद यादव, लल्लन चौधरी, अतुल पाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पूर्व प्रधान, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
क्षेत्रवासियों ने मैरिज हाल निर्माण की शुरुआत को विकास की नई सौगात बताते हुए नगर पंचायत प्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।।

Related Articles

Back to top button