उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का सम्मान

बस्ती। उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में भावपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तुत किया। बच्चों ने भाषण, कविता और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
विद्यार्थियों ने कहा कि शिक्षक केवल पुस्तकीय ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि जीवन में सही दिशा दिखाने वाला मार्गदर्शक और व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होता है। बच्चों की प्रस्तुतियों में गुरुजनों के प्रति सम्मान और आभार की भावना स्पष्ट दिखाई दी।
इस अवसर पर प्रबंध निदेशक विनय शुक्ला ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और भविष्य को सही दिशा देने का कार्य करता है। एक सशक्त और संस्कारित समाज के निर्माण में शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
प्रधानाचार्या शशि प्रभा त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षक अपने ज्ञान और संस्कारों से विद्यार्थियों के जीवन को प्रकाशमय बनाता है। विद्यार्थियों की सफलता और उनके अच्छे संस्कार ही शिक्षक की सबसे बड़ी उपलब्धि हैं।
प्राचार्य नरेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों की प्रतिभा को ज्ञान, अनुशासन और संस्कारों से निखारकर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है। शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, जिम्मेदारी, अनुशासन और संस्कार विकसित करना भी है।
विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति की क्षमता बढ़ाने के साथ शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना को भी मजबूत करते हैं।
शिक्षक दिवस का आयोजन गुरु-शिष्य संबंध की गरिमा, सम्मान और कृतज्ञता को समर्पित रहा।

Related Articles

Back to top button