
भरत भूषण तिवारी व लखनऊ अग्निकांड के दिवंगत युवाओं को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, निकाला गया कैंडल मार्च
बस्ती, 24 जून।बिहार में स्वर्गीय भरत भूषण तिवारी की हत्या तथा लखनऊ अग्निकांड में दिवंगत हुए युवाओं की स्मृति में बुधवार को बस्ती में श्रद्धांजलि सभा एवं कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। नेशनल एसोसिएशन ऑफ यूथ (एनएवाई) के अध्यक्ष भावेष पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने भाग लिया।
कैंडल मार्च राजकीय इंटर कॉलेज से शुरू होकर शहीद भगत सिंह प्रतिमा, रोडवेज तक निकाला गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भावेष पाण्डेय ने कहा कि बिहार में भरत भूषण तिवारी की हत्या और लखनऊ अग्निकांड जैसी घटनाएं कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए शासन-प्रशासन को जवाबदेह बनाना होगा।
राम प्रताप सिंह ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा किसी भी सभ्य समाज की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। वहीं अभयदेव शुक्ल ने पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और सुरक्षा मानकों के प्रभावी पालन की आवश्यकता पर बल दिया। रामजी पाण्डेय ने कहा कि अन्याय और लापरवाही के खिलाफ समाज को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए।
कैंडल मार्च में विनय सिंह, यशवंत सिंह रोलु, प्रमोद सिंह, रामनुजेंद्र पाण्डेय, काज़ी फरजान, रितिकेश सहाय, राजेश चित्रगुप्त, सत्यम पाण्डेय, उमंग शुक्ल, आशुतोष त्रिपाठी, ऋतुराज सिंह, हेमंत पाण्डेय, रहमान अली, प्रशांत भारद्वाज, प्रिंस मिश्र, अपूर्व शुक्ल, अंकुर उपाध्याय, देवेंद्र चौधरी, प्रवीण राणा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं युवा मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।





