
जनसहयोग से बदली तालाब की तस्वीर, पांच घंटे चला श्रमदान अभियान….
बस्ती। आदर्श नगर पंचायत नगर क्षेत्र के श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर स्थित टेमा में बुधवार को जनसहयोग से विशाल तालाब सफाई अभियान चलाया गया। सभासद राजेश पाण्डेय के आह्वान पर उत्तर प्रदेश राज्य पंचायत परिषद के अध्यक्ष राना दिनेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में नगरवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं सफाई कर्मियों ने श्रमदान कर तालाब की वर्षों पुरानी गंदगी और सिल्ट को हटाया। लगभग पांच घंटे तक चले इस अभियान के बाद तालाब की तस्वीर पूरी तरह बदल गई। सुबह 07 बजे शुरू हुए इस अभियान में नगर पंचायत के दो दर्जन से अधिक सफाई कर्मियों एवं सफाई नायकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। अभियान में पूर्व विधायक रवि सोनकर के प्रतिनिधि मोहंती दूबे, विभिन्न वार्डों के सभासदों, समाजसेवियों तथा स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दोपहर 12 बजे तक लगातार चले सफाई कार्य के दौरान तालाब में वर्षों से जमी सिल्ट और कचरे को हटाया गया।
भीषण गर्मी और तपती धूप के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। सभी ने जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए श्रमदान किया। अभियान के दौरान तालाब के आसपास के क्षेत्र की भी साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य पंचायत परिषद के अध्यक्ष राना दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि समाज के विकास और पर्यावरण संरक्षण के लिए केवल सरकार पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है। सरकार अपनी योजनाओं के माध्यम से कार्य कर रही है, लेकिन जनसहभागिता के बिना स्थायी परिवर्तन संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि टेमा का यह तालाब सफाई अभियान एक अनुकरणीय पहल है, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा।
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और जल संवर्धन वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि जल स्रोतों को संरक्षित नहीं किया गया तो भविष्य में जल संकट और गंभीर हो सकता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को तालाबों, पोखरों और अन्य जल स्रोतों के संरक्षण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
सभासद राजेश पाण्डेय ने अभियान में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और पर्यावरण संरक्षण के लिए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान में मुख्य रूप से मोनू पाण्डेय, राजकुमार चौधरी, जितेंद्र चौहान, अनुज गौड़, अकबर, बिस्मिल्ला सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।





