
विश्व पृथ्वी दिवस पर बच्चों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
बस्ती। 22 अप्रैल 2026 को विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब बस्ती सेंट्रल द्वारा दिल्ली पब्लिक सीनियर स्कूल (यूरो किड्स), पचपेरिया बस्ती में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष पृथ्वी दिवस की थीम “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाना रहा। कार्यक्रम के दौरान क्लब के चार्ट सचिव लक्ष्मीकांत पांडे ने बताया कि पृथ्वी हमें हर प्रकार का संरक्षण प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि पृथ्वी पर रहने वाले प्रत्येक मनुष्य और जीव-जंतु का यह कर्तव्य है कि वे अपनी धरती को प्रदूषण मुक्त रखें और हरियाली को बढ़ावा दें।
इस अवसर पर बच्चों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। बच्चों ने संकल्प लिया कि वे अपने घर, परिवार और समाज में लोगों को जागरूक करेंगे तथा वृक्षारोपण, स्वच्छता और जल संरक्षण के माध्यम से वातावरण को स्वच्छ बनाए रखेंगे।
कार्यक्रम में बच्चों ने “वृक्ष बचाओ, पृथ्वी बचाओ” विषय पर एक नाटक प्रस्तुत किया, जिसमें पेड़ों के महत्व को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। इसके साथ ही बच्चों ने रैम्प वॉक के माध्यम से भी स्वस्थ जीवन और स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया। बच्चों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावुक और प्रेरित कर दिया।
वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा पौधारोपण भी किया गया। खास बात यह रही कि लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी भी उन्हीं बच्चों को सौंपी गई, जिससे उनमें जिम्मेदारी और प्रकृति के प्रति लगाव विकसित हो सके।
कार्यक्रम में युवान अर्क पांडे, आराध्या, अंजलि, हर्षिता सहित कई बच्चों ने “जल ही जीवन है”, “पर्यावरण संरक्षण”, “स्वच्छता” और “वृक्षारोपण” जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं नाटक में ऋषभ, प्रणव, कृष्णा, शाश्वत, संकल्प, शगुन, अनुष्का और रिशांक सहित अन्य बच्चों ने भाग लेकर शानदार प्रस्तुति दी।
इस आयोजन में रोटेरियन मुनीर उद्दीन अहमद, रोटेरियन राजेश कुमार ओझा (अध्यक्ष), रोटेरियन मनीष कुमार सिंह (सचिव), रोटेरियन कलीमुल्लाह सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती अर्चना पांडे, एकेडमिक इंचार्ज दिव्या पाठक, वाइस प्रिंसिपल दिनेश त्रिपाठी, नीलम चौधरी, अयाज अहमद, अभिनव प्रजापति और अभिषेक वर्मा ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया।
कार्यक्रम का संचालन आकांक्षा मिश्रा द्वारा किया गया, जबकि अंत में एच.डी. अमरमणि पांडे ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को बचपन से ही प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जागरूक करना हमारे उज्जवल भविष्य की नींव है।
यह कार्यक्रम न केवल बच्चों के लिए शिक्षाप्रद रहा, बल्कि समाज के लिए भी एक प्रेरणा बनकर उभरा, जिसमें पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रभावी ढंग से प्रसारित किया गया।





