
जी.वी.एम. कान्वेंट स्कूल में जल संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम, प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया सम्मानित
बस्ती। जी.वी.एम. कान्वेंट स्कूल परिसर में शुक्रवार को जल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जल संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर निबंध लेखन, कला एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भूगर्भ जल विभाग के जूनियर इंजीनियर परमानंद एवं सीनियर असिस्टेंट आशुतोष श्रीवास्तव रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती विजय लक्ष्मी सिंह ने कार्यक्रम का निरीक्षण करते हुए विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि “जल ही जीवन है। यदि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देना है तो आज से ही जल संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाना होगा।” उन्होंने बताया कि पृथ्वी पर उपलब्ध पीने योग्य जल की मात्रा अत्यंत सीमित है, इसलिए हर व्यक्ति को जल का विवेकपूर्ण उपयोग करना चाहिए।
प्रतियोगिताओं के परिणाम में हिंदी निबंध में प्रिया प्रथम, सिमरन द्वितीय एवं रिशिता तृतीय स्थान पर रहीं। अंग्रेजी निबंध में अंश प्रथम, जाह्नवी द्वितीय तथा भावना तृतीय रहे। कला प्रतियोगिता में हर्ष ने प्रथम, अबादीन ने द्वितीय और आरुषि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। रंगोली प्रतियोगिता में कक्षा 12 की टीम प्रथम, कक्षा 11 की टीम द्वितीय तथा कक्षा 10 एवं कक्षा 6 की टीम संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रही।
अंत में विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना था।





