
लिटिल फ्लावर्स स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया श्रीराम जन्मोत्सव, भजनों से गूंजा विद्यालय प्रांगण
बस्ती। राम नवमी एवं चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर लिटिल फ्लावर्स स्कूल, सुरेन्द्र नगर कटरा, बस्ती में श्रद्धा और भक्ति के साथ श्रीराम जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर भक्ति गीतों और जयकारों से गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक सुरेन्द्र प्रताप सिंह एवं प्रधानाचार्या अपर्णा सिंह द्वारा माँ दुर्गा और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के वैदिक विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं आरती कर किया गया।
इसके पश्चात शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं ने सामूहिक रूप से “प्यारा सजा है तेरा द्वार” भजन प्रस्तुत कर कार्यक्रम में भक्ति का अद्भुत वातावरण निर्मित किया, जिस पर पूरा प्रांगण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका पूनम त्रिपाठी ने महाअष्टमी और महानवमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ये तिथियाँ माँ महागौरी और सिद्धिदात्री को समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें अनुशासन, भक्ति और नारी शक्ति के सम्मान का संदेश देता है तथा कन्या पूजन समाज में स्त्री सम्मान का प्रतीक है।
प्रबंधक सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने राम जन्म के महत्व को बताते हुए कहा कि भगवान राम ने “विप्र, धेनु, सुर और संतों के कल्याण” के लिए अवतार लिया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए सकारात्मक प्रयास आवश्यक हैं।
प्रधानाचार्या अपर्णा सिंह ने अपने संबोधन में नारी शक्ति और आत्मविश्वास के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि आध्यात्मिक और वैज्ञानिक दोनों शक्तियों का संतुलन जीवन में सफलता दिलाता है। उन्होंने अपनी स्वरचित कविता के माध्यम से विद्यार्थियों को आत्मबल का संदेश दिया—
“डरना नहीं किसी के भी पैरों के नाप से,
आखिर पुण्य जीत ही जाएगा पाप से।
गीता में कृष्ण ने कहा अर्जुन से बस यही,
पहली लड़ाई जीतनी है अपने-आप से।।”
कार्यक्रम का समापन श्रीराम भजन और ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ के मंगल संदेश के साथ किया गया।
इस आयोजन को सफल बनाने में अर्पिता सिंह, मधु सिंह, पूजा जायसवाल, राजमणि वर्मा, तन्मय पाण्डेय, रुचि, साक्षी पाण्डेय एवं साक्षी गुप्ता का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर सृष्टि उपाध्याय, कात्यायनी पाण्डेय, अर्चना, डिम्पल, शशांक शुक्ला, आनंद आर्या, अरुण भट्ट, दीप देव द्विवेदी, शिवेन्द्र पाण्डेय, तपन कुमार घोष, अनूप बरनवाल सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





