आस्था व श्रद्धा के साथ लिटिल फ्लावर्स स्कूल में सम्पन्न हुआ सरस्वती पूजन

बस्ती। वसंत पंचमी के पावन अवसर पर लिटिल फ्लावर्स स्कूल, मधुपुरम वाल्टरगंज बस्ती में विद्या की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती का पूजन आस्था, श्रद्धा एवं पूर्ण विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ। माँ सरस्वती के अवतरण-दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस पूजन कार्यक्रम का संचालन अयोध्या से पधारे पुरोहित आचार्यों द्वारा किया गया।

पूजन कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह एवं माननीय निदेशिका अपर्णा सिंह ने पुरोहित आचार्यों के निर्देशन में विधिवत स्तवन, पूजन एवं हवन में सहभागिता की। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे और सामूहिक रूप से पूजन एवं हवन किया।

अपने उद्बोधन में प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि विद्यालय एक मंदिर के समान होता है और उसकी आराध्या माँ सरस्वती हैं। उन्होंने माँ सरस्वती से विद्यालय के चतुर्दिक विकास, विद्यार्थियों के सर्वांगीण उत्थान तथा उन्हें संस्कारित, सक्षम एवं सफल बनाकर देश व समाज के कल्याण हेतु अग्रसर करने की प्रार्थना की।

वहीं निदेशिका अपर्णा सिंह ने अपने भावपूर्ण वक्तव्य में माँ सरस्वती से विद्यालय के समग्र विकास, लक्ष्यों की प्राप्ति एवं विद्यालय परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की।पूजन समारोह के समापन अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या वंदना सिंह ने प्रबंधक एवं निदेशिका के गरिमामयी उपस्थिति हेतु आभार व्यक्त करते हुए माँ सरस्वती से विद्यालय परिवार के कल्याण की प्रार्थना की। साथ ही विद्यालय में उपस्थित समस्त छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षणेत्तर कर्मियों को शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button