
टी.एन. मैमोरियल हॉस्पिटल का भव्य उद्घाटन, बस्ती वासियों को मिलेगी आधुनिक व सुलभ चिकित्सा सेवा
बस्ती।जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए टी.एन. मैमोरियल हॉस्पिटल का भव्य उद्घाटन समारोहपूर्वक सम्पन्न हुआ। उद्घाटन उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में महादेवा विधायक दूधराम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि महेश शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं समाज की प्राथमिक आवश्यकता हैं। टी.एन. मैमोरियल हॉस्पिटल की स्थापना से बस्ती एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा अपने ही जिले में उपलब्ध होगी। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को इस सराहनीय प्रयास के लिए बधाई दी।
विशिष्ट अतिथि विधायक दूधराम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी लंबे समय से एक बड़ी चुनौती रही है। इस अस्पताल के शुरू होने से आमजन को समय पर उचित इलाज मिलेगा और उन्हें बड़े शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह अस्पताल गरीब व जरूरतमंद मरीजों के लिए सहारा बनेगा।
अस्पताल के संस्थापक नरेंद्र प्रसाद शुक्ला ने बताया कि टी.एन. मैमोरियल हॉस्पिटल की स्थापना समाजसेवा की भावना से की गई है। उद्देश्य है कि हर वर्ग के लोगों को किफायती, भरोसेमंद और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने बताया कि अस्पताल में आधुनिक मशीनें, अनुभवी चिकित्सक एवं मरीजों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है।
हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. गया प्रसाद शुक्ल (एमडी, डीएम गैस्ट्रो) एवं डॉ. सोनल शुक्ला (एमबीबीएस, फिजीशियन) ने संयुक्त रूप से कहा कि बस्तीवासियों को बेहतर चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में डॉ. सौरभ (डीएम गैस्ट्रो), डॉ. के.पी. कोहली तथा डॉ. अरविन्द कुमार जैसे विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे।
कार्यक्रम में जगदीश शुक्ल, गुलाब सोनकर, रघुनाथ सिंह, आसमान सिंह, मनमोहन त्रिपाठी, पिंकू पाल, दिलीप पाण्डेय, अशोक उपाध्याय, राम भद्र शुक्ल, रवि शुक्ल एवं जगदम्बा शुक्ला सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अस्पताल के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।





