
मातृ दिवस पर स्नेह, सम्मान और उत्साह का सुंदर संगम
बस्ती। दिल्ली पब्लिक सीनियर स्कूल एवं यूरो किड्स, पचपेड़िया रोड ब्रांच में 9 मई को मदर्स डे सेलिब्रेशन का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री अमर मणि पांडेय द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ की गई।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि माँ का स्थान जीवन में सर्वोच्च होता है और उनका प्रेम, त्याग एवं समर्थन सदैव प्रेरणादायी रहता है। उन्होंने सभी माताओं को मातृ दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह दिन मातृत्व के सम्मान और कृतज्ञता को व्यक्त करने का अवसर है।
विद्यालय की प्रिंसिपल अर्चना पांडेय ने उपस्थित माताओं का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार की ओर से यह आयोजन माताओं के प्रति सम्मान और स्नेह का एक छोटा सा प्रयास है।
एकेडमिक इंचार्ज दिव्या पाठक ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों एवं कर्मियों का आभार व्यक्त किया तथा उपस्थित माताओं को धन्यवाद ज्ञापित किया। वहीं वाइस प्रिंसिपल दिनेश त्रिपाठी ने कहा कि मातृत्व प्रेम, त्याग और संस्कार का प्रतीक है तथा ऐसे आयोजन परिवार और विद्यालय के रिश्तों को और मजबूत बनाते हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित मदर्स डे गेम प्रतियोगिता में माताओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में दीपा ने प्रथम तथा आकृति सिंह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेता माताओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में श्रीमती नीलम चौधरी, लक्ष्मी वर्मा, रिचिका सिंह, संजू सिंह, आराध्या सिंह, आकांक्षा मिश्रा, अभिषेक वर्मा, अयाज अहमद, अभिनव प्रजापति, आफताब शेख, नंदिनी गाडिया, प्रिया पांडे, रश्मि शुक्ला एवं प्रीति मिश्रा का विशेष योगदान रहा।
अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी माताओं को मातृ दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा आशा व्यक्त की गई कि यह आयोजन सभी के लिए सदैव यादगार बना रहेगा।





