बस्ती में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें : जिला पूर्ति अधिकारी

बस्ती। जनपद के सम्मानित गैस उपभोक्ताओं को सूचित किया गया है कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है। किसी भी प्रकार की कमी की अफवाहों से घबराने की आवश्यकता नहीं है। उपभोक्ता अपने उपलब्ध गैस सिलेंडर का सामान्य रूप से उपयोग करें और अनावश्यक रूप से अतिरिक्त सिलेंडर भंडारित करने से बचें।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में संचालित 40 गैस एजेंसियों से कुल 5,83,379 घरेलू गैस उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। इनके लिए प्रतिदिन औसतन लगभग 10 हजार गैस सिलेंडर रिफिल के लिए ऑयल कंपनियों द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे हैं। शुक्रवार 13 मार्च 2026 को भी जिले की विभिन्न गैस एजेंसियों पर 9,494 घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति हुई, जिसका वितरण जिलाधिकारी के निर्देशन में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों, पूर्ति निरीक्षकों और पुलिस बल की मौजूदगी में कराया गया।

उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसका दूरभाष नंबर 05542-247128 है। कंट्रोल रूम के प्रभारी अपर सूचना निदेशक हितेंद्र कुमार बनाए गए हैं।

उपभोक्ताओं को बताया गया है कि गैस सिलेंडर की बुकिंग संबंधित कंपनियों के आईवीआरएस नंबर पर की जा सकती है—

भारत पेट्रोलियम: 7718012345

इंडियन ऑयल: 8454955555

हिंदुस्तान पेट्रोलियम: 9222201122 / 9493602222

बुकिंग के बाद मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के आधार पर गैस सिलेंडर प्राप्त किया जा सकता है तथा दूसरी बुकिंग 25 दिन बाद ही की जा सकती है।

जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग केवल भोजन बनाने के लिए ही अनुमन्य है। इसका उपयोग वाहन, वेल्डिंग या अन्य व्यावसायिक कार्यों में करना अथवा अनुचित भंडारण करना नियम विरुद्ध है। ऐसा पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही यह भी बताया गया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों और सभी प्राथमिक विद्यालयों में गैस की उपलब्धता प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित गैस एजेंसियों को दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button