बस्ती में दबंग किरायेदारों पर अवैध कब्जे व जान से मारने की धमकी का आरोप, मकान मालिक ने एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार

बस्ती। जनपद बस्ती के थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गांधी नगर स्थित पिकौरा दत्त राय मोहल्ले के एक मकान मालिक ने अपने ही किरायेदारों पर अवैध कब्जे की कोशिश, किराया न देने, झूठे मुकदमे में फँसाने की धमकी और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
मकान संख्या 143 के स्वामी विख्यात रंजन उर्फ अभिमन्यु, पुत्र स्वर्गीय राम प्रसाद श्रीवास्तव ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उनके मकान में रह रहे किरायेदार रत्नेश शुक्ला, अनुराग शुक्ला तथा संजय सिंह उनकी असहाय स्थिति का लाभ उठाकर मकान पर अवैध कब्जा करना चाहते हैं।
पीड़ित के अनुसार, वह माता-पिता के निधन के बाद अकेले रहते हैं और लगातार मिल रही धमकियों के कारण अपने ही घर में रहने से वंचित हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में थाना कोतवाली में शिकायत देने पर दोनों पक्षों को बुलाया गया था, जहाँ किरायेदारों ने मकान खाली करने के लिए कोतवाली में लिखित रूप में 2 से 3 माह का समय माँगा था, किन्तु 3 माह से अधिक समय होने के बाद भी मकान खाली नहीं कर रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि दिनांक 01.11.2025 को थाना कोतवाली में एफआईआर भी दर्ज कराई गई, परंतु अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और न ही उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। मीडिया से बात करते हुए विख्यात रंजन उर्फ अभिमन्यु ने बताया मैं घर मे पूरी तरह अकेला हूँ और अपने ही घर में रहने से डर रहा हूँ। किरायेदार मुझे लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। मैंने कई बार पुलिस से शिकायत की, एफआईआर भी दर्ज है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अगर मेरे साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित लोगों की होगी।
पीड़ित ने प्रशासन से तत्काल कठोर वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई करते हुए मकान खाली कराने और व्यक्तिगत सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button