नाबालिग बेटी के अपहरण का आरोप, थानों के चक्कर काटता रहा पीड़ित परिवार

बस्ती में नाबालिग के अपहरण का आरोप, पीड़ित पिता ने पुलिस पर संवेदनहीनता का लगाया आरोप | दुबौलिया और छावनी पुलिस के बीच दौड़ाया गया परिवार | उच्चाधिकारियों से लगाई न्याय की गुहार

बस्ती जिले के छावनी थानाक्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी धर्मेंद्र चौधरी ने अपनी नाबालिग बेटी के कथित अपहरण को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने गांव के ही राज पाठक उर्फ आदर्श पाठक और शुभम सिंह पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं।

पीड़ित पिता के अनुसार उनकी नाबालिग बेटी 15 फरवरी को अपने ननिहाल गई हुई थी, जहां से आरोपित युवकों ने उसे बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

धर्मेंद्र चौधरी का आरोप है कि जब वह शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचे तो उन्हें गंभीरता से नहीं सुना गया। पहले वह दुबौलिया थाना पहुंचे, जहां से उन्हें छावनी थाना भेज दिया गया। इसके बाद जब वे छावनी थाना पहुंचे तो वहां से यह कहकर वापस कर दिया गया कि मामला उनके क्षेत्राधिकार का नहीं है।

पीड़ित पिता का कहना है कि पुलिस की इस संवेदनहीनता से साफ है कि इतने गंभीर मामले में भी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नाबालिग बेटी के अपहरण जैसे संवेदनशील मामले में तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें थानों के बीच दौड़ाकर परेशान किया।

परिजनों का कहना है कि बेटी अब तक घर नहीं लौटी है, जिससे परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है। उन्होंने आशंका जताई कि समय रहते कार्रवाई न होने पर कोई अनहोनी भी हो सकती है। पीड़ित परिवार अब थक-हार कर उच्चाधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रहा है और न्याय की गुहार कर रहा है।

स्थानीय लोगों ने भी घटना पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी और नाबालिग की सकुशल बरामदगी की मांग की है। लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई ही अपराध पर अंकुश लगा सकती है।

इस मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष नहीं मिल सका है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि मामला संज्ञान में आने के बाद जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि विशेष टीम गठित कर उनकी बेटी को जल्द से जल्द बरामद किया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

 

 

Related Articles

Back to top button