
कथक सम्राट पद्म विभूषण पंडित बिरजू महाराज को नृत्य धाम परिवार की भावभीनी श्रद्धांजलि
बस्ती भारतीय शास्त्रीय नृत्य कला को वैश्विक पटल पर प्रतिष्ठित करने वाले कथक सम्राट, पद्म विभूषण पंडित बिरजू महाराज को नृत्य धाम परिवार की ओर से आत्मवंदित श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर नृत्य गुरु मास्टर शिव ने कहा कि पंडित बिरजू महाराज का स्वभाव अत्यंत सरल, सहज एवं व्यक्तित्व से परिपूर्ण था। उन्होंने बताया कि महाराज जी द्वारा रचित बंदिशें जब किसी नर्तक द्वारा रंगमंच पर प्रस्तुत की जाती हैं, तो ऐसा प्रतीत होता है मानो गुरु श्रेष्ठ की आत्मा स्वयं उसमें अवतरित हो गई हो। बड़े महाराज जी द्वारा रचित बड़े-बड़े टुकड़े, तोड़े एवं बंदिशें सरल, सटीक तालबद्धता में होती थीं, जिन्हें कम समय में सीखा जा सकता था।
मास्टर शिव ने आगे कहा कि महाराज जी ने नौनिहालों के अभ्यास को रोचक और मधुर बनाने के लिए बच्चों के खेल-खेल में ही बंदिशों की रचना की, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह एवं उमंग का संचार होता था और उनके भीतर शास्त्रीय कला के प्रति रुचि एवं आकर्षण बना रहता था।
वहीं बॉलीवुड मेकअप आर्टिस्ट कविता श्रीवास्तव ने कहा कि सर्व विधाओं में निपुण होने के बावजूद पंडित बिरजू महाराज में तनिक भी अहंकार या दिखावा नहीं था। वे सदैव कलाकारों को आपसी प्रेम, समझ और सहयोग के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते थे।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में नृत्य कलाकार एवं नृत्य प्रेमी उपस्थित रहे और सभी ने पंडित बिरजू महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान प्रकट किया।





