
लिटिल फ्लावर्स स्कूल में शिक्षक अभिभावक सम्मेलन संपन्न…
बस्ती। शनिवार को लिटिल फ्लावर्स स्कूल सुरेन्द्र नगर कटरा में शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें 100 प्रतिशत छात्र/छात्राओं के साथ अभिभावकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी।
शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक सुरेन्द्र प्रताप सिंह एवं प्रधानाचार्या अपर्णा सिंह ने माँ सरस्वती एवं विद्यालय की संस्थापिका स्वर्गीया श्रीमती मधुरानी सिंह जी के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया।
सम्मेलन में पी०टी० परीक्षा का अंक पत्र वितरित किया गया तथा अपनी-अपनी कक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र/छात्राओं के साथ अभिभावकों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास, अनुशासन, व्यवहार तथा सर्वांगीण प्रगति पर शिक्षकों और अभिभावकों के बीच संवाद स्थापित करना रहा।
सम्मेलन के दौरान विद्यालय के प्रबंधक सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र/छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कहा कि परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करना छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं शिक्षकों के अथक परिश्रम का परिणाम है। बच्चों की सफलता की असली कुंजी उनका परिश्रम, अभिभावक और शिक्षक के बीच सकारात्मक संवाद का परिणाम है।
सम्मेलन में विद्यालय की प्रधानाचार्या अपर्णा सिंह ने कहा कि कड़ी मेहनत हमारी परम्परा है और देखभाल हमारा वादा है
कहा की शिक्षक-अभिभावक का आपसी समन्वय ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि विद्यालय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार एवं नैतिक मूल्यों से भी जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर अभिभावकों ने विद्यालय की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षा, संस्कार, अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ आवासीय सुविधा से युक्त लिटिल फ्लावर्स स्कूल जैसा उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान होना केवल हमारे ही नहीं बल्कि पूरे बस्ती के लिए सौभाग्य की बात है। विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था, अनुशासन तथा व्यक्तित्व विकास से संबंधित समस्त गतिविधियों से हम पूर्णतः संतुष्ट हैं।
इस अवसर पर तन्मय पाण्डेय , राजमणी वर्मा , निष्ठा पाण्डेय , साक्षी गुप्ता , साक्षी पाण्डेय , वैभव पाण्डेय , श्रद्धा सिंह , प्रीती अस्थाना , अरुण भट्ट , तैयब हुसैन , के.के. सिंह , शशांक शुक्ल आदि शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





