दीपावली पर सुषमा चौधरी ने क्षेत्रवासियों को दी शुभकामनाएं, कहा- जनता का आशीर्वाद मिला तो बस्ती सदर को बनाएंगे बेहतर

भाजपा सरकार में अयोध्या का दीपोत्सव बना रहा इतिहास, क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करने का दिया भरोसा

दीपावली के पावन पर्व पर भाजपा जिला मंत्री महिला मोर्चा सुषमा चौधरी, पत्नी मोदू चौधरी एवं विधानसभा क्षेत्र 310 बस्ती सदर की भावी प्रत्याशी ने क्षेत्रवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दीपों का यह पावन पर्व सभी के जीवन में नई उमंग, उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा लेकर आए तथा प्रत्येक परिवार में सुख-समृद्धि का वास हो।

सुषमा चौधरी ने दीपावली के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मान्यता के अनुसार आज ही के दिन मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम 14 वर्षों का वनवास पूर्ण कर माता सीता और अनुज लक्ष्मण के साथ अयोध्या लौटे थे।

प्रभु श्रीराम के आगमन की खुशी में अयोध्यावासियों ने पूरे नगर को दीपों से सजाकर उनका भव्य स्वागत किया था। तभी से दीपावली का पर्व बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अंधकार पर प्रकाश की विजय के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का त्योहार नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, परंपरा, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का प्रतीक भी है। आज देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में रहने वाले भारतीय भी इस पर्व को पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाते हैं।

यह पर्व हमें भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

सुषमा चौधरी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद अयोध्या में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण के साथ अयोध्या का दीपोत्सव हर वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

दीपोत्सव ने अयोध्या को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ ही भारतीय संस्कृति और धार्मिक विरासत को दुनिया के सामने गौरव के साथ प्रस्तुत किया है।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के संकल्प के साथ निरंतर जनकल्याण और विकास के कार्य कर रही है। यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें अवसर प्रदान करता है और विधानसभा क्षेत्र की जनता का आशीर्वाद एवं समर्थन प्राप्त होता है, तो वह बस्ती सदर को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करेंगी।

अंत में उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और पर्यावरण के प्रति जागरूकता के साथ मनाने की अपील करते हुए पुनः शुभकामनाएं दीं।

 

Related Articles

Back to top button