
ड्राइवरों की तीन प्रमुख मांगों को लेकर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को भेजा पत्र, 12 नवंबर से ‘स्टीयरिंग छोड़ अभियान’ की चेतावनी
बस्ती। अखंड भारत ड्राइवर मजदूर कल्याण संघ ने देशभर के ड्राइवर समुदाय की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान को लेकर सरकार से सकारात्मक और ठोस निर्णय लेने की मांग की है। संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील कुमार यादव के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को बस्ती में जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति भारत सरकार एवं प्रधानमंत्री भारत सरकार को संबोधित पत्र सौंपा गया।
संघ के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता एवं प्रदेश सचिव राज कपूर चौहान के नेतृत्व में दिए गए पत्र में ड्राइवर समुदाय से जुड़ी तीन प्रमुख मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। संगठन ने मांग की है कि दीपावली से पूर्व ड्राइवर सुरक्षा कानून लागू करने, ड्राइवर आयोग का गठन करने तथा ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड गठित करने की दिशा में सरकार ठोस निर्णय ले।
पदाधिकारियों ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को गति देने में ड्राइवर समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका है। मालवाहक वाहनों से लेकर यात्री परिवहन तक लाखों चालक दिन-रात अपनी सेवाएं देते हैं, लेकिन उनके सामने सुरक्षा, सामाजिक संरक्षण, रोजगार से जुड़ी असुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं की कमी जैसी अनेक समस्याएं बनी हुई हैं। संघ का कहना है कि ड्राइवरों के हितों को ध्यान में रखते हुए एक प्रभावी कानूनी एवं संस्थागत व्यवस्था की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है।
संगठन ने सरकार से अपील की कि ड्राइवरों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए दीपावली से पहले सकारात्मक निर्णय लिया जाए, ताकि देशभर के ड्राइवर समुदाय को न्याय, सम्मान और सुरक्षा मिल सके।
वहीं संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समयावधि में इन मांगों पर कोई ठोस एवं संतोषजनक निर्णय नहीं लिया गया, तो ऑल इंडिया ड्राइवर ज्वाइंट कमेटी फेडरेशन के आह्वान पर प्रस्तावित 12 नवंबर 2026 से ‘स्टीयरिंग छोड़ अभियान’ में अखंड भारत ड्राइवर मजदूर कल्याण संघ भी शामिल होगा।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य ड्राइवर समुदाय की समस्याओं का शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से समाधान कराना है। उन्होंने केंद्र सरकार से शीघ्र पहल कर ड्राइवरों के हित में आवश्यक निर्णय लेने की मांग की।





