
रामनगर में संत शिरोमणि रविदास जी की कलश पूजन यात्रा का हुआ भव्य स्वागत
बस्ती। रामनगर मंडल के नरखोरिया स्थित बौद्ध विहार पर संत शिरोमणि रविदास जी की कलश पूजन यात्रा का कार्यक्रम श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। रुधौली मंडल से चलकर यात्रा जैसे ही रामनगर मंडल में पहुंची, भाजपा पदाधिकारियों एवं आमजनमानस ने जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजनमानस एवं भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल के समीप रामनगर के ब्लॉक प्रमुख यशकांत सिंह ने कलश को अपने सिर पर रखकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया। इसके बाद उपस्थित पदाधिकारियों एवं आमजनमानस ने विधिवत कलश पूजन किया।
पूजन के पश्चात सभा को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख यशकांत सिंह ने कहा कि संत रविदास सामाजिक समरसता के जीवंत उदाहरण थे। उन्होंने अपनी शिक्षाओं के माध्यम से समाज में जाति-पाति के भेदभाव का खंडन करते हुए समरसता का संदेश दिया। संत रविदास ने ऊंच-नीच की भावना तथा ईश्वर-भक्ति के नाम पर होने वाले विवादों को निरर्थक बताते हुए सभी को आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष गिरजेश यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष श्यामनाथ चौधरी, डॉ. फूलचंद गौतम, प्रदीप सिंह, गिरजेश मिश्रा, संजय कुमार, प्रशांत सिंह, शिवम श्रीवास्तव, रामफेर चौधरी, विंदगोपाल तिवारी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।





