थाना हरैया पुलिस ने चोरी गिरोह के 5 बदमाश को किया गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल

बस्ती जिले के थाना हरैया पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी करने वाले एक अंतर्जनपदीय गिरोह के 5 सदस्यों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से एक तमंचा, दो मोटरसाइकिल, चोरी के 33 ग्राम सोना व सवा किलो चांदी के जेवरात सहित करीब साढ़े सात लाख रुपये का माल बरामद हुआ है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बभनान रोड पर कुछ संदिग्ध लोग चोरी की योजना बना रहे हैं। घेराबंदी के दौरान तीन बदमाश मौके से पकड़े गए, जबकि दो भागने की कोशिश में मोटरसाइकिल फिसलने से गिर गए। इनमें से सुजीत पासी ने पुलिस टीम पर फायर किया, जिसके जवाब में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। सभी पांचों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगतू, सर्वेश चौहान, रामजी चौरसिया, सुधाकर और सुजीत पासी के रूप में हुई है, सभी जनपद सीतापुर के निवासी हैं। पूछताछ में सामने आया कि ये लोग संगठित गिरोह के रूप में काम करते हैं मजदूरी के बहाने नए इलाकों में आकर गांव चिन्हित करते हैं और एक ही रात में कई घरों में चोरी कर तुरंत 100-200 किमी दूर भाग जाते हैं।

आरोपियों के खिलाफ हरैया, दुबौलिया, कप्तानगंज व गौर थानों में दर्ज चोरी के मामलों का अनावरण हुआ है। आरोपी रामजी और सुजीत के विरुद्ध पहले से दर्जनों मुकदमे विभिन्न जिलों में दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक बस्ती ने गिरफ्तार करने वाली टीम को 20,000 रुपये इनाम देने की घोषणा की है।

Related Articles

Back to top button