
जमीन विवाद में पुलिस पर मारपीट का आरोप, कार्रवाई की मांग
बस्ती । कलवारी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम कुसौरा में जमीन कब्जे को लेकर हुए विवाद में पुलिस पर ज्यादती का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता सबा, पुत्री स्व. मो. कासिम, निवासी कुसौरा ने पुलिस उपमहानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पत्र में सबा ने कहा है कि गत 5 जुलाई को दिन में करीब 11 बजे नागेन्द्र पुत्र रामजतन ने उसकी जमीन, जहां उसके पुरखों की आरा मशीन लगी थी पर जबरन दीवार बनाकर कब्जा करने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर सबा, उसकी मां कुलसुम बानो और भाई सुफियान मौके पर पहुंचे और काम रोकने को कहा, जिस पर नागेन्द्र उग्र हो गये। इसके बाद परिवार ने महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 पर फोन किया, जिस पर थाने से पुलिस मौके पर पहुंची।
आरोप है कि नागेन्द्र के बुलाने पर दरोगा एस.एन. सिंह मौके पर पहुंचे और बिना मामले की जांच किए सबा व उसके परिवार के साथ अभद्रता की। परिवार का आरोप है कि दरोगा ने सबा का कॉलर व गला पकड़कर धक्का दिया और जबरन थाने ले गए, जहां शाम तक हवालात में बंद रखने के बाद 107, 151 की धाराओं में चालान कर एसडीएम कोर्ट भेज दिया गया।
पीड़ित परिवार ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी दरोगा के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।





