
समय पर पहचान और इलाज से कैंसर पर काबू संभव : डॉ. विभोर महेंद्रु
बस्ती। कैंसर को लेकर लोगों में जागरूकता की कमी और बीमारी के नाम से डर अक्सर उपचार में देरी का कारण बनता है। यदि कैंसर के लक्षणों की समय रहते पहचान कर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लिया जाए और आवश्यक जांच कराई जाए, तो कई मामलों में बीमारी का प्रभावी उपचार संभव है। यह कहना है स्टार हॉस्पिटल, बस्ती में सेवाएं दे रहे वरिष्ठ कैंसर विशेषज्ञ डॉ. विभोर महेंद्रु का।
डॉ. विभोर महेंद्रु सीनियर कंसल्टेंट हैं और पूर्व में राजीव गांधी कैंसर इंस्टीट्यूट एंड रिसर्च सेंटर, नई दिल्ली से जुड़े रहे हैं। वे पिछले करीब डेढ़ वर्षों से स्टार हॉस्पिटल, बस्ती में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस दौरान उन्होंने बड़ी संख्या में कैंसर मरीजों की सर्जरी की है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, अब तक करीब 200 मरीजों की सर्जरी की जा चुकी है।
डॉ. महेंद्रु ने बताया कि कैंसर के इलाज में आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उनके यहां ऑन्कोसर्जरी एवं कीमोथेरेपी, मिनिमल एक्सेस कैंसर सर्जरी, इम्यूनोथेरेपी, टारगेटेड थेरेपी, पैलिएटिव केयर (उपशामक देखभाल) तथा दर्द प्रबंधन जैसी उपचार सुविधाएं उपलब्ध हैं।
उन्होंने कहा कि कैंसर को लेकर लोगों में अभी भी काफी भय है। कई मरीज बीमारी के शुरुआती संकेतों को नजरअंदाज कर देते हैं और जब समस्या गंभीर हो जाती है, तब अस्पताल पहुंचते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि शरीर में लंबे समय तक बने रहने वाले किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज न करें। सबसे पहले योग्य एवं विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए, ताकि आवश्यक जांच के बाद बीमारी की स्थिति स्पष्ट हो सके।
डॉ. महेंद्रु ने विशेष रूप से 40 वर्ष से अधिक आयु के पुरुषों और महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। उनका कहना है कि उम्र बढ़ने के साथ स्वास्थ्य के प्रति अतिरिक्त सतर्कता जरूरी है। समय पर जांच से बीमारी की पहचान शुरुआती अवस्था में हो सकती है, जिससे उपचार के बेहतर विकल्प उपलब्ध रहते हैं।
स्टार हॉस्पिटल में डॉ. विभोर महेंद्रु प्रत्येक माह के दूसरे और अंतिम शनिवार को अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इससे बस्ती और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को कैंसर विशेषज्ञ से परामर्श के लिए दूर जाने की आवश्यकता कम हुई है।
अस्पताल के प्रबंधक एहतेशाम चौधरी ने बताया कि स्टार हॉस्पिटल का प्रयास है कि मरीजों को कम खर्च में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में अब तक करीब दो सौ लोगों की सर्जरी हो चुकी है, जिनमें करीब 195 मरीजों की सर्जरी निःशुल्क हुई है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड धारकों की पात्रता के अनुसार निःशुल्क सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
एहतेशाम चौधरी ने बताया कि जिन मरीजों के पास आयुष्मान कार्ड नहीं है, उनके लिए भी आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को सीएम फंड के माध्यम से उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। अस्पताल प्रबंधन का उद्देश्य है कि आर्थिक अभाव किसी जरूरतमंद मरीज के इलाज में बाधा न बने।
उन्होंने बताया कि जल्द ही न्यू मेगा स्टार हॉस्पिटल का शुभारंभ होने जा रहा है। नए अस्पताल में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को जोड़े जाने की तैयारी है। इससे बस्ती और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, भविष्य में कैंसर सहित विभिन्न गंभीर बीमारियों के उपचार की सुविधाओं को और मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और आधुनिक चिकित्सा तकनीक के माध्यम से मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
डॉ. विभोर महेंद्रु ने लोगों से अपील की कि कैंसर को लेकर डरने के बजाय जागरूक रहें, बीमारी के संभावित लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय पर विशेषज्ञ चिकित्सक से सलाह लें। समय पर जांच और उचित उपचार बीमारी से लड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।





