साइबर ठगी के शिकार युवक को मिली राहत, पुलिस ने वापस कराए 1.36 लाख रुपये

बस्ती, 21 जून। बस्ती पुलिस की सक्रियता और साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई से साइबर ठगी के एक पीड़ित को बड़ी राहत मिली है। थाना मुण्डेरवा क्षेत्र के खजौला निवासी रंजीत पुत्र हरिराम के साथ हुई साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने ठगी गई धनराशि में से 1,36,960 रुपये वापस उनके खाते में जमा करा दिए।
पुलिस के अनुसार रंजीत कुमार के खाते से साइबर अपराधियों द्वारा 1,64,441 रुपये की ठगी कर ली गई थी। शिकायत प्राप्त होते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप यादव के नेतृत्व में कार्रवाई शुरू की गई।
प्रभारी थानाध्यक्ष मुण्डेरवा प्रदीप सिंह, साइबर सेल प्रभारी अमरनाथ यादव तथा साइबर टीम में शामिल महिला आरक्षी शिमला मौर्या एवं महिला आरक्षी अंशिका गुप्ता ने मामले में तत्परता दिखाते हुए संबंधित बैंक और तकनीकी माध्यमों से समन्वय स्थापित किया। इसके परिणामस्वरूप पीड़ित की 1,36,960 रुपये की धनराशि वापस कराई जा सकी।
राशि वापस मिलने पर रंजीत कुमार ने बस्ती पुलिस और थाना मुण्डेरवा की टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी कार्यशैली की सराहना की। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से साइबर ठगी से सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा निकटतम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button