फर्जी निकला भ्रष्टाचार का आरोप, जांच में ग्राम प्रधान को क्लीन चिट

बस्ती। गौर विकास खंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत बैदोलिया में लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोप जांच में पूरी तरह निराधार पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान को क्लीन चिट देते हुए ग्राम पंचायत के प्रशासनिक और वित्तीय अधिकार बहाल कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, गांव के एक व्यक्ति ने ग्राम पंचायत में सरकारी कार्यों में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों ने ग्राम पंचायत के प्रशासनिक और वित्तीय अधिकारों को अस्थायी रूप से सीज कर दिया था।

इसके बाद ग्राम प्रधान ने निष्पक्ष जांच की मांग की। मामले को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी ने जांच टीम गठित कर पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के निर्देश दिए। जिला समाज कल्याण अधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने गांव पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए।

जांच के दौरान ग्रामीणों ने आरोपों को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान द्वारा किए गए सभी भुगतान के बदले कार्य पूर्ण रूप से कराए गए हैं। ग्रामीणों के शपथ पत्र और साक्ष्यों के आधार पर जांच टीम ने ग्राम प्रधान को निर्दोष पाया और अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी।

रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत के प्रशासनिक और वित्तीय अधिकार बहाल कर दिए हैं। वहीं ग्राम प्रधान की ओर से झूठी शिकायत करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

Related Articles

Back to top button