राष्ट्रप्रेम व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच लिटिल फ्लावर्स स्कूल में मनाया गया 77वाँ गणतंत्र दिवस

बस्ती।26 जनवरी 2026, सोमवार को लिटिल फ्लावर्स स्कूल, मधुपुरम्, वाल्टरगंज, बस्ती में 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रीय गौरव से ओत-प्रोत विविध कार्यक्रमों का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास एवं धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से सराबोर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह के कर-कमलों द्वारा राष्ट्रध्वज फहराकर किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रगान, राष्ट्रध्वज प्रणाम तथा छात्र-छात्राओं द्वारा पथ-संचलन के माध्यम से ध्वज का अभिवादन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की निदेशिका श्रीमती अपर्णा सिंह की गरिमामयी उपस्थिति विशेष रूप से रही।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ प्रबंधक व निदेशिका द्वारा भारत माता, माँ सरस्वती, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा विद्यालय की संस्थापिका स्व. श्रीमती मधुरानी सिंह के चित्रों पर पुष्पार्चन, माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात छात्राओं द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण सरस्वती वंदना ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद ‘अतिथि देवो भव’ परंपरा के अनुरूप स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।

अपने ओजस्वी संबोधन में प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने देश के स्वर्णिम भविष्य के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर बल देते हुए कहा कि हमें शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए सकारात्मक सोच और समर्पण के साथ आगे बढ़ना होगा।

निदेशिका अपर्णा सिंह ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज भारत स्वतंत्र और संप्रभु होने के साथ-साथ वैश्विक चुनौतियों का सामना कर रहा है, जिनसे निपटने के लिए परिश्रम, त्याग, सेवा और समर्पण आवश्यक है।

इसके पश्चात प्री-प्राइमरी के नौनिहालों द्वारा प्रस्तुत मनोहारी नृत्य, शिक्षिका रीता मैम का प्रभावशाली भाषण, मेधावी छात्रों द्वारा भावपूर्ण राष्ट्रगीत तथा हेड बॉय आनंद दूबे के प्रेरक संबोधन ने कार्यक्रम को विशेष ऊँचाई प्रदान की। अंत में छात्रों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति नृत्य ने पूरे परिसर को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्रधानाचार्या वंदना सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए प्रबंधक, निदेशिका, शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं एवं सभी सहयोगियों के योगदान की सराहना की और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी को धन्यवाद दिया।

Related Articles

Back to top button