
गोमती पुस्तक महोत्सव में लोकार्पित हुई ‘स्कैंडल इन लखनऊ’
लखनऊ। लखनऊ यूनिवर्सिटी प्रांगण में आयोजित गोमती पुस्तक महोत्सव के साहित्यिक मंच पर रविवार को बस्ती के युवा लेखक गौरव कुमार निगम की पुस्तक ‘स्कैंडल इन लखनऊ’ का लोकार्पण सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ लेखक गोविन्द जी ने पुस्तक का विमोचन किया और लेखक को शुभकामनाएँ दीं।
अपने संबोधन में गोविन्द जी ने कहा कि किस्सागोई हिंदुस्तान की प्राचीन लोककलाओं में से एक है और रहस्यकथाएँ उसकी धड़कन रही हैं। उन्होंने कहा कि ‘स्कैंडल इन लखनऊ’ उसी परंपरा को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाती है।
लेखक गौरव कुमार निगम ने बताया कि यह किताब सिर्फ़ रहस्यकथा नहीं बल्कि लखनऊ की पृष्ठभूमि पर रचा गया एक रोमांचक सफ़र है, जिसमें शहर की तहज़ीब और संस्कृति को कहानी के ताने-बाने में पिरोया गया है।
लेखक अरविंद कुमार ने पुस्तक की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्थानीय और आधुनिक भाषा का ऐसा दिलचस्प प्रयोग अब कम देखने को मिलता है।
इससे पहले गौरव कुमार निगम की ‘कहानियों के दस्तख़त’, ‘ब्रांडसूत्र’ और ‘द ग्रेट सोशल माफ़िया ट्रायल’ जैसी कृतियाँ पाठकों के बीच चर्चित रह चुकी हैं। उनकी यह पुस्तक ‘स्कैंडल इन लखनऊ’ को हिंदी जगत के प्रतिष्ठित प्रभात प्रकाशन ने आकर्षक साज-सज्जा और उत्कृष्ट छपाई के साथ प्रकाशित किया है।



