श्रावण मास में गूंजा हर-हर महादेव, सामूहिक रुद्राभिषेक शुरू

बस्ती। श्रावण मास के पावन अवसर पर कायस्थ सेवा ट्रस्ट की ओर से चित्रगुप्त चौक स्थित भगवान चित्रगुप्त मंदिर परिसर में रविवार से तीन दिवसीय सामूहिक रुद्राभिषेक का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का संयोजन ट्रस्ट के जिला अध्यक्ष मुकेश श्रीवास्तव एवं मंडल अध्यक्ष नवीन श्रीवास्तव ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। अयोध्या धाम से पधारे आचार्य पंडित जनार्दन प्रसाद मिश्रा ने श्रद्धालुओं को विधि-विधान से रुद्राभिषेक कराया। पहले दिन करीब 30 श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल, दूध एवं विभिन्न पूजन सामग्रियों से सामूहिक अभिषेक किया। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा और पूरे दिन भक्तिमय वातावरण बना रहा।

जिला अध्यक्ष मुकेश श्रीवास्तव ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का विशेष पर्व है। सामूहिक रुद्राभिषेक के माध्यम से धार्मिक एवं आध्यात्मिक चेतना बढ़ाने के साथ समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

मंडल अध्यक्ष नवीन श्रीवास्तव ने कहा कि भगवान शिव की आराधना से मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। सामूहिक पूजा से आपसी भाईचारे की भावना मजबूत होती है। संस्थापक अजय श्रीवास्तव ने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य समाज को सेवा, संस्कार और सनातन परंपराओं से जोड़ना है।

इस अवसर पर डॉ. सौरभ सिन्हा, राजेश चित्रगुप्त, दुर्गेश श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, राहुल श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव, अरविन्द श्रीवास्तव गोला, रनदीप माथुर, अनिल श्रीवास्तव, सर्वेश श्रीवास्तव, अविनाश श्रीवास्तव, प्रकाश मोहन श्रीवास्तव, अंकुर श्रीवास्तव, जगदम्बा पाण्डेय, आलोक कुमार श्रीवास्तव, देवेन्द्र श्रीवास्तव, अरुण श्रीवास्तव, आदर्श श्रीवास्तव, अपराजिता सिन्हा, संजू श्रीवास्तवा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button