निषाद पार्टी के कार्यकर्ता लक्ष्मण निषाद की हत्या से रोष

अपर पुलिस अधीक्षक से मिले पदाधिकारी, दोषियों के गिरफ्तारी की मांग

बस्ती। जमीनी विवाद को लेकर लालगंज थाना क्षेत्र के मेहनौना गांव में सोमवार की देर रात निषाद पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता लक्ष्मण निषाद की हत्या से रोष का माहौल है। मंगलवार को निषाद पार्टी के प्रदेश महासचिव दीपू निषाद, जिलाध्यक्ष अशोक निषाद, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष धर्मराज निषाद ने अपर पुलिस अधीक्षक से मिलकर दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग किया। प्रदेश महासचिव दीपू निषाद, जिलाध्यक्ष अशोक निषाद ने पीड़ित परिवार की सुरक्षा और आर्थिक सहायता दिये जाने की मांग किया। चेतावनी दिया कि शीघ्र हत्यारे गिरफ्तार न हुये तो पार्टी आन्दोलन को बाध्य होंगी।
ज्ञात रहे कि लालगंज थाना क्षेत्र के मेहनौना गांव में लक्ष्मण निषाद की पीट-पीटकर हत्या कर दिया गया। मृतक की पत्नी सुभावती देवी ने गांव के दो लोगों समेत चार-पांच अज्ञात व्यक्तियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सुभावती देवी पत्नी स्वर्गीय लक्ष्मण निषाद ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि 22 जून 2026 की रात करीब 9.15 बजे गांव के सुधाकर पाल पुत्र निर्भय प्रकाश पाल, सौरभ पाल पुत्र स्वर्गीय संजय पाल तथा चार-पांच अज्ञात लोग उनके पति लक्ष्मण निषाद को बहाने से नदी के पास बुलाकर ले गए। आरोप है कि वहां लोहे की रॉड और डंडों से उनकी बेरहमी से पिटाई की गई। सुभावती देवी मौके पर पहुंचीं तो उन्होंने अपने पति को कुछ लोगों द्वारा मारते हुए देखा। शोर मचाने पर कुछ लोग भाग गए, जबकि नामजद आरोपितों ने कथित रूप से मारपीट जारी रखी। महिला का आरोप है कि गंभीर चोटों के कारण उनके पति की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। लालगंज पुलिस मेहनौना निवासी सुधाकर पाल पुत्र निर्भय प्रकाश पाल, सौरभ पाल पुत्र स्वर्गीय संजय पाल के साथ ही 5 अज्ञात के विरूद्ध बीएनएस की धारा 103 (1), 191 (2), 191 (3), 352, 351 (3) की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर पोस्टमार्टम कराने के साथ मामले की विवेचना कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक से मिलकर दोषियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग करने वालों में धर्मराज निषाद, हरी प्रसाद साहनी, ज्ञान प्रकाश निषाद, अजय निषाद, शम्भू निषाद के साथ ही मृतक लक्ष्मण निषाद की पत्नी, बेटियां और परिजन शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button