
हिंदी पत्रकारिता दिवस पर विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह आयोजित, राष्ट्र निर्माण में पत्रकारों की भूमिका पर हुआ मंथन
सिद्धार्थनगर। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर शनिवार को लोटन ब्लॉक सभागार में “राष्ट्र निर्माण में हिंदी पत्रकारिता का योगदान” विषय पर विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने हिंदी पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा, लोकतंत्र की मजबूती तथा समाज और राष्ट्र निर्माण में पत्रकारों की अहम भूमिका पर विस्तार से विचार व्यक्त किए।
मुख्य अतिथि सदर विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता दिवस पत्रकारों के लिए गौरव, आत्ममंथन और अपनी जिम्मेदारियों को पुनः स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं, जो जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। लोकतंत्र की मजबूती और समाज के सर्वांगीण विकास में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
विशिष्ट अतिथि सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. जय सिंह यादव ने कहा कि पत्रकारिता का इतिहास जनजागरण और समाज को दिशा देने का इतिहास रहा है। पत्रकार निडरता के साथ भ्रष्टाचार, अन्याय और सामाजिक विसंगतियों के खिलाफ आवाज उठाते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
ब्लॉक प्रमुख लोटन आशीष सिंह ने पत्रकारों को समाज और प्रशासन के बीच मजबूत सेतु बताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाकर उनके समाधान का मार्ग प्रशस्त करने में पत्रकारों की भूमिका सराहनीय है। वहीं खंड विकास अधिकारी सर्वेश मोहन ने पत्रकारों को लोकतंत्र का सजग प्रहरी बताते हुए कहा कि वे जनसमस्याओं को सामने लाकर शासन-प्रशासन को जनअपेक्षाओं से अवगत कराते हैं।
भाजपा मंडल अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार शुक्ल ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक राष्ट्रीय चेतना को जागृत करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में चुनौतियां बढ़ी हैं, लेकिन सत्य, निष्पक्षता और जनहित की भावना ही पत्रकारिता की सबसे बड़ी ताकत है।
शिक्षक विकास चंद्र मिश्र ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता केवल समाचारों का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक, शिक्षित और संस्कारित करने का सशक्त उपकरण है। वहीं वरिष्ठ समाजसेवी तेज प्रताप सिंह ने वर्तमान समय में पत्रकारिता को चुनौतीपूर्ण बताते हुए कहा कि तमाम कठिनाइयों के बावजूद पत्रकार जनहित और सामाजिक सरोकारों के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं, जो सराहनीय है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष बृज बिहारी मिश्र ने की तथा संचालन पत्रकार जय प्रकाश गुप्ता ने किया। कार्यक्रम के संयोजक मान्यता प्राप्त पत्रकार सन्दीप कुमार मद्धेशिया रहे।
इस अवसर पर पूर्वांचल के वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय अनिल कुमार श्रीवास्तव की स्मृति में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को “पत्रकार अनिल कुमार श्रीवास्तव सम्मान” से सम्मानित किया गया। सम्मानित पत्रकारों को प्रमाण-पत्र, भारतीय संविधान की प्रस्तावना की प्रति तथा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राम भरोस चौहान, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राम नेवास यादव, प्रधान संघ अध्यक्ष अरविंद मणि त्रिपाठी, पंकज वर्मा, अरविंद पाण्डेय, कमलेश चौरसिया, रिंकू पांडेय, देवेंद्र मणि त्रिपाठी, ईश्वर देव, रविंद्र जाटव, चंद्रबली यादव, रामनाथ मौर्य, प्रियंका गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





