
आरसीसी पब्लिक स्कूल में वार्षिक खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ
बस्ती। आज मंगलवार को आरसीसी पब्लिक स्कूल के खेल मैदान में विद्यालय के वार्षिक खेल महोत्सव का शुभारंभ अत्यंत हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीआईजी बस्ती रेंज संजीव त्यागी रहे, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन की शोभा और महत्व दोनों बढ़ गए।
मुख्य अतिथि के आगमन पर विद्यालय के निदेशक शैलेश चौधरी एवं उपप्रधानाचार्य विजय प्रकाश चौधरी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं माल्यार्पण के माध्यम से उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएँ रश्मि, सकीना बानो, प्रीति, प्रियंका चौधरी, सरिता पांडेय, सपना दूबे, प्रिया शुक्ला, शुभांगी, आकांक्षा सिंह एवं सुहानी सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे, जिनके सहयोग से कार्यक्रम सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों की मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों से हुआ, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ताइक्वांडो का अनुशासनपूर्ण एवं साहसिक प्रदर्शन सभी के आकर्षण का केंद्र रहा। खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत प्रथम दिवस पर 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़ का आयोजन किया गया। साथ ही नर्सरी, एलकेजी एवं यूकेजी के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के लिए विशेष खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें अभिभावकों की सहभागिता भी देखने को मिली। बच्चों ने पूरे उत्साह, आत्मविश्वास एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अबिराज देव, अव्युक्त मिश्रा, शाश्वत त्रिपाठी, आन्या शुक्ला एवं आयुष ने श्रेष्ठ स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
मुख्य अतिथि संजीव त्यागी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके आत्मविश्वास, अनुशासन एवं खेल भावना की सराहना की और कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।विद्यालय प्रबंधन ने जानकारी दी कि यह वार्षिक खेल महोत्सव आगामी तीन दिनों तक विभिन्न खेल गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं के साथ निरंतर जारी रहेगा।





