ब्राह्मण महासभा परिसर में खिचड़ी सहभोज, सामाजिक समरसता का दिया गया संदेश

बस्ती।राष्ट्रीय ब्राह्मण महासभा द्वारा मालवीय मार्ग स्थित ब्राह्मण महासभा परिसर में खिचड़ी सहभोज का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने सामाजिक एकता, सनातन परंपरा और समाज को जोड़ने की आवश्यकता पर विस्तार से विचार रखे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. अशोक कुमार शुक्ल ने कहा कि खिचड़ी सामाजिक समरसता का सजीव प्रतीक है, जिसके माध्यम से भारत का सर्व समाज एक सूत्र में बंधता है।

संस्थापक राष्ट्रीय महामंत्री शम्भू नाथ मिश्र ने कहा कि खिचड़ी तो मात्र एक बहाना है, उद्देश्य समस्त सनातनी समाज को एकजुट करना है। उन्होंने कहा कि सदियों से ब्राह्मण समाज ने सर्व समाज का मार्गदर्शन किया है और वर्तमान समय में इसकी भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।

राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने कहा कि आज समाज को तोड़ने-बांटने की साजिशें राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही हैं। हमारे पूर्वजों ने समाज संचालन की जो मजबूत संरचना तैयार की थी, वह विद्वता और कर्म आधारित थी, जिसमें हर वर्ग को सम्मानजनक स्थान प्राप्त था।

जिलाध्यक्ष नवीन दूबे ने कहा कि समाज को एक सूत्र में बांधने के लिए संगठन पूरी तरह कृतसंकल्प है और इस दिशा में निरंतर कार्य करता रहेगा।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्य नारायण शुक्ल ने खिचड़ी को समाज का प्रतीक बताते हुए कहा कि जैसे खिचड़ी में संतुलन जरूरी है, वैसे ही समाज में भी संतुलन आवश्यक है। अधिक या कम किसी भी तत्व से व्यवस्था बिगड़ सकती है—उन्होंने संकेतों में वर्तमान सामाजिक परिवेश पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का संचालन मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष अभिनव उपाध्याय ने किया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र, सदर विधायक महेंद्र यादव, पूर्व विधायक दयाराम चौधरी, सहित बड़ी संख्या में सामाजिक, राजनीतिक एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। आयोजन में सहभागिता कर सभी ने सामाजिक सौहार्द और एकता का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button