पूर्व विधायक दयाराम चौधरी नगर पंचायत अध्यक्ष सोनमती ने जरूरतमंदों में किया कम्बल वितरण

बस्ती बढ़ती ठंड को देखते हुए आदर्श नगर पंचायत गनेशपुर में जरूरतमंदों की सहायता के लिए शुक्रवार को कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक दयाराम चौधरी तथा आदर्श नगर पंचायत गनेशपुर की अध्यक्ष सोनमती चौधरी के नेतृत्व में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में गरीब व असहाय लोगों को कंबल वितरित किए गए।

नगर पंचायत अध्यक्ष सोनमती चौधरी ने कहा कि ठंड लगातार बढ़ रही है और ऐसे में गरीब व जरूरतमंद लोग सबसे अधिक प्रभावित होते हैं। उन्हें सुरक्षित रखने के उद्देश्य से नगर पंचायत स्तर पर हर संभव व्यवस्था की जा रही है।

उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति ठंड का शिकार न हो, इसके लिए रैन बसेरे में रहने, भोजन व अन्य आवश्यक सुविधाओं की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। नगर पंचायत कार्यालय परिसर में कंबल वितरण कर लोगों को राहत पहुंचाई गई।

पूर्व विधायक दयाराम चौधरी ने क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में जाकर जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने जनपदवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर पंचायत गनेशपुर में नागरिकों को सभी नगर पंचायत स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

बिजली, पानी, सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था, आवास, शौचालय, पेयजल और कूड़ा निस्तारण जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर किया जा रहा है, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो। पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी ढंग से दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सेवा और जनकल्याण भाजपा की प्राथमिकता रही है। ठंड के मौसम में जरूरतमंदों की मदद करना सामाजिक दायित्व है और आगे भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे। लोगों से अपील की गई कि वे ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें और असहाय लोगों की सहायता के लिए आगे आएं।

कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय, दुर्गा प्रसाद चौधरी, मो. आरिफ, अरविन्द श्रीवास्तव, आलोक श्रीवास्तव ‘दीपू’, प्रकाश निषाद, सभासद शिवनरायन चौधरी, गणेश भारद्वाज, दुर्गेश सोनकर, मोल्हू प्रसाद, राजन पाण्डेय, चन्द्रभान चौधरी, उदयभान चौधरी, राम बहादुर वर्मा, अभिषेक चौधरी, लालचन्द चौधरी, सुनील सिंह, आशीष चौधरी, महेन्द्र चौधरी, अर्जुन चौधरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम में सक्रिय योगदान देकर जरूरतमंदों की मदद की।

Related Articles

Back to top button