
बसपा के पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल कुमार गौतम बने बस्ती सदर विधानसभा प्रभारी, समर्थकों में खुशी की लहर
बस्ती: बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल कुमार गौतम को पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री मायावती जी के द्वारा बस्ती सदर विधानसभा के प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं और बधाई दी है। अनिल कुमार गौतम लंबे समय से बहुजन समाज पार्टी में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं और संगठन को मजबूत करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। पार्टी नेतृत्व द्वारा उन्हें बस्ती सदर विधानसभा की जिम्मेदारी सौंपे जाने को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नियुक्ति की जानकारी मिलते ही उनके समर्थक, पार्टी पदाधिकारी और क्षेत्र के लोग उन्हें फोन, सोशल मीडिया और व्यक्तिगत रूप से मिलकर बधाई दे रहे हैं। समर्थकों का कहना है कि अनिल कुमार गौतम के नेतृत्व में बस्ती सदर विधानसभा में पार्टी और अधिक मजबूत होगी तथा कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलेगी। इस अवसर पर अनिल कुमार गौतम ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वह लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहेंगे और संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्य करेंगे।





