तीन दिवसीय खेल महोत्सव का भव्य समापन, ग्रीन हाउस ने मारी बाजी

दिल्ली पब्लिक सीनियर स्कूल एवं यूरो किड्स पचपड़िया रोड ब्रांच में पुरस्कार वितरण समारोह, विजेता विद्यार्थियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

बस्ती। दिल्ली पब्लिक सीनियर स्कूल एवं यूरो किड्स पचपड़िया रोड ब्रांच में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव का शुक्रवार, 28 नवंबर को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा नेता अंकुर वर्मा तथा विशिष्ट अतिथि मनमोहन श्रीवास्तव, राजेश चित्रगुप्त और अभिषेक गुप्ता ने विजेता प्रतिभागियों को मेडल, ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

विद्यालय के प्रबंधक अमरमणि पांडेय के मार्गदर्शन तथा प्राचार्या अर्चना पांडेय के नेतृत्व में आयोजित खेल महोत्सव में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में कबड्डी, खो-खो, दौड़, कैरम, चेस, टेबल टेनिस सहित कई इनडोर और आउटडोर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

प्रतियोगिताओं में चारों सदनों के प्रदर्शन के आधार पर ग्रीन हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रेड हाउस दूसरे और ब्लू हाउस तीसरे स्थान पर रहा। विजेता सदनों एवं प्रतिभागियों को अतिथियों ने सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर प्रबंधक अमरमणि पांडेय ने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। सभी सदनों के विद्यार्थियों ने खेल भावना का सराहनीय परिचय दिया। विद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थियों को ऐसे अवसर मिलते रहें, जिससे उनकी प्रतिभा निखर सके।

मुख्य अतिथि अंकुर वर्मा ने विद्यार्थियों के उत्साह और खेल कौशल की प्रशंसा करते हुए कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

एकेडमिक इंचार्ज दिव्या पाठक ने कहा कि खेल आधारित शिक्षण पद्धति से बच्चों में आत्मविश्वास, टीमवर्क और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना मजबूत होती है। वहीं, वाइस प्रिंसिपल दिनेश त्रिपाठी ने कहा कि प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों ने अनुशासन और खेल नियमों के प्रति सम्मान का परिचय दिया, जो आयोजन की बड़ी उपलब्धि है।

कार्यक्रम के सफल संचालन एवं आयोजन में शिक्षक नीलम चौधरी, लक्ष्मी वर्मा, दीपिका सहित हाउस वार्डन ऋचिका सिंह, दीपांजलि, प्रीति मिश्रा, उत्कर्ष श्रीवास्तव, नंदनी गाडिया, उमा त्रिपाठी एवं आफताब शेख का सराहनीय योगदान रहा।

अंत में प्राचार्या अर्चना पांडेय ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खेल महोत्सव ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना को प्रदर्शित किया। सभी के सहयोग से आयोजन यादगार बना।

 

Related Articles

Back to top button