
लिटिल फ्लावर्स स्कूल में भाषण प्रतियोगिता, 72 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
हिंदी और अंग्रेजी में समसामयिक विषयों पर रखे विचार, कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
बस्ती। वाल्टरगंज स्थित लिटिल फ्लावर्स स्कूल, मधुपुरम् में शुक्रवार को अर्धवार्षिक भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 12 तक के 72 विद्यार्थियों ने हिंदी और अंग्रेजी में विभिन्न समसामयिक विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की प्रभावशाली प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह और निदेशिका अपर्णा सिंह ने मां सरस्वती तथा विद्यालय की संस्थापिका स्वर्गीय मधुरानी सिंह के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्पार्चन और दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि विचारों की प्रभावी अभिव्यक्ति व्यक्तित्व विकास का अहम हिस्सा है। भाषण कला के माध्यम से व्यक्ति अपनी बात सहजता से दूसरों तक पहुंचाकर उन्हें प्रभावित कर सकता है। ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति क्षमता विकसित करने में सहायक होती हैं।
निदेशक राहुल सिंह ने कहा कि भाषण प्रतियोगिता विद्यार्थियों में गंभीर अध्ययन, चिंतन और विचारों को प्रस्तुत करने की कला विकसित करने का मंच है। उन्होंने कहा कि वाक्-कौशल जीवन में सफलता के लिए महत्वपूर्ण है और विद्यालय इस क्षमता को विकसित करने का बेहतर अवसर प्रदान करता है।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने प्रतिभा पलायन, पर्यावरण संरक्षण, खेल और शिक्षा का संतुलन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मानव भविष्य, शिक्षा का उद्देश्य, सफलता की दौड़ में खोता बचपन, अधिकारों से पहले कर्तव्य, अंतरिक्ष में भारत की पहचान तथा लोकतंत्र में चुनाव का महत्त्व जैसे विषयों पर विचार रखे।
हिंदी प्रतियोगिता में कक्षा 6ए से रिशु प्रथम और सौम्या द्वितीय, 6बी से कार्तिक प्रथम और नर्गिस द्वितीय, 7ए से आराध्या प्रथम और आस्था द्वितीय, 7बी से रचना प्रथम तथा आराध्या गुप्ता और मृणालिका संयुक्त रूप से द्वितीय रहीं। कक्षा 8ए से सान्वी प्रथम और सारांश द्वितीय, 8बी से अध्येता प्रथम तथा चांदनी और अनन्या द्वितीय, 9ए से हिमांशी चौधरी प्रथम और पलक शर्मा द्वितीय, 9बी से माही पांडे प्रथम और श्वेता द्वितीय रहीं। कक्षा 11 मानविकी से जानवी और विज्ञान वर्ग से शादमान फारूकी प्रथम रहे।
अंग्रेजी प्रतियोगिता में कक्षा 6ए से मंदवी मिश्रा प्रथम और परी द्वितीय, 6बी से अलीजा प्रथम और सृष्टि द्वितीय, 7ए से जानवी प्रथम और तजवर द्वितीय, 7बी से अनाध्या मिश्रा प्रथम और अभिनव राकेश द्वितीय, 8ए से अनुराग प्रथम और शगुन द्वितीय, 9ए से जिया खान प्रथम और नैन्सी द्वितीय, 9बी से सिद्दी प्रथम और मोबश्शरा द्वितीय रहे। कक्षा 11 से माधव यादव प्रथम तथा आशुतोष सिंह और आर्यवीर संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे।
समापन पर प्रधानाचार्या वंदना सिंह ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यालय परिवार के सदस्यों के प्रति आभार जताया।





